बरेली: इस्कॉन सिटी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकारण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने ग्राम मुड़िया अहमदनगर बड़ा बाईपास इस्कॉन सिटी फेस-1 एवं फेस-2 नाम से शेर मोहम्मद आदि द्वारा विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के विरुद्ध कार्रवाई कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बिल्डर ने नक्शा पास कराए बगैर अवैध कॉलोनी में बिजली पोल और …
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकारण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने ग्राम मुड़िया अहमदनगर बड़ा बाईपास इस्कॉन सिटी फेस-1 एवं फेस-2 नाम से शेर मोहम्मद आदि द्वारा विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के विरुद्ध कार्रवाई कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बिल्डर ने नक्शा पास कराए बगैर अवैध कॉलोनी में बिजली पोल और सड़कों के निर्माण भी करा लिए थे।
बरेली विकास क्षेत्र के अन्तर्गत शेर मोहम्मद आदि द्वारा ग्राम मुढ़िया अहमदनगर बड़ा बाईपास पीलीभीत पर इस्कॉन सिटी फेस-1 एवं फेस-2 नाम से अवैध कालोनियों को बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति के लगभग 20 बीघा एवं 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से दुकानों, भवनों, सड़कों एवं विद्युत पोलों आदि का निर्माण/विकास कार्य किया गया था। इस अवैध कालोनियों के विरुद्ध उत्तरप्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई कर प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित, सहायक अभियन्ता अनिल कुमार एवं अवर अभियंताओं की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को इस अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया।
बीडीए के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि बरेली विकास क्षेत्र के अंतर्गत बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति प्राप्त किए हुए अनाधिकृत कॉलोनियों/निर्माणों के विरुद्ध प्रभावी रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अनाधिकृत कॉलोनी/निर्माण चाहे वह किसी कॉलोनाइजर द्वारा कराया गया हो अथवा किसी व्यक्ति विशेष द्वारा कराया गया हो, के निर्माणों पर प्राधिकरण स्तर से किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।
