बरेली: साइबर ठग ने एक साथ दो लोगों को बनाया शिकार
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग नए-नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। अब ठग ने एक ही जिले के दो लोगों को एक साथ अपने जाल में फंसाकर 50 हजार रुपये ठग लिए। ठग के जाल में एक स्मार्टफोन बेचने वाला और दूसरा खरीदने वाला फंसा है। उसने दोनों के नंबर ऑनलाइन माध्यम से लिए …
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग नए-नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। अब ठग ने एक ही जिले के दो लोगों को एक साथ अपने जाल में फंसाकर 50 हजार रुपये ठग लिए। ठग के जाल में एक स्मार्टफोन बेचने वाला और दूसरा खरीदने वाला फंसा है। उसने दोनों के नंबर ऑनलाइन माध्यम से लिए थे। ठग ने दोनों से इस तरह संपर्क किया जैसे कि वह दोनों को अच्छी तरह से जानता है। रुपये देने के बाद भी जब खरीदार का फोन नहीं मिला तो उसने बेचने वाले से संपर्क किया, तब जाकर ठगी का पता चला। दोनों ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस में मामले की शिकायत की जहां से मामला साइबर सेल में भेज दिया गया है।
सिविल लाइंस के रहने वाले एक युवक ने ओलेक्स पर स्मार्टफोन बेचने के लिए डाला था। वह फोन को 1 लाख 10 हजार रुपये में बेच रहे थे। उनसे फोन पर एक युवक ने संपर्क किया और बताया कि उनकी चौकी चौराहा स्थित मार्केट में दुकान है और पुराने मोबाइल खरीदता है। इसके बाद साइबर ठग ने दुकानदार से संपर्क किया। उसने दुकानदार का जस्ट डायल से नंबर लिया था। वह बेचने वाले से दुकानदार और दुकानदार से मोबाइल बेचने वाला बनकर बात कर रहा था।
उसने ऑनलाइन माध्यम से ही फोन के कागजात भी मंगवा लिए। उसने फोन बेचने वाले का सही पता भी बता दिया। उसके बाद दोनों को बातों में फंसा लिया और दुकानदार से 50 हजार रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। उसने 30 हजार रुपये फोन देने पर देने की बात कही जब दुकानदार दिए गए पते पर मोबाइल लेने पहुंचा तो पता चला कि फोन बेचने वाले के खाते में रुपये ही नहीं गए हैं। इसके बाद दोनों को ठगी का अहसास हुआ।
दोनों सोमवार रात में ही कोतवाली गए लेकिन वहां से साइबर थाना भेज दिया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद वह बैंक गए और फिर एसएसपी ऑफिस में शिकायत की।
