रामपुर: लूट की झूठी सूचना देने वाला नौकर व साथी गिरफ्तार, रकम बरामद
रामपुर, अमृत विचार। थाना शहजादनगर पुलिस द्वारा लूट की झूठी सूचना देकर व्यापारी के रूपये हड़पने वाले नौकर को साथी सहित धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। 26 अक्टूबर को वादी शोभित अग्रवाल निवासी मिष्टन गंज थाना कोतवाली रामपुर द्वारा थाना शहजादनगर पर सूचना दी गई कि उनके नौकर सुनील चन्द्रा व उसके साथी …
रामपुर, अमृत विचार। थाना शहजादनगर पुलिस द्वारा लूट की झूठी सूचना देकर व्यापारी के रूपये हड़पने वाले नौकर को साथी सहित धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
26 अक्टूबर को वादी शोभित अग्रवाल निवासी मिष्टन गंज थाना कोतवाली रामपुर द्वारा थाना शहजादनगर पर सूचना दी गई कि उनके नौकर सुनील चन्द्रा व उसके साथी वीरेन्द्र सिंह चौहान द्वारा उनका करीब 9.5 लाख रूपया हड़प लिया है और पुलिस को लूट की झूठी सूचना देकर गुमराह कर रहे हैं। इस संबंध में थाना हाजा पर तत्काल अभियोग पंजीकृत कर माल व मुल्जिम की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं।
थाना शहजादनगर पुलिस द्वारा सुनील चन्द्रा व उसके साथी वीरेन्द्र सिंह चौहान उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर शत प्रतिशत धनराशि बरामद की गई है । पूछताछ में आरोपी सुनील चन्द्र पुत्र विजय कुमार निवासी थाना सिविल लाइंस रामपुर ने पूछने पर बताया कि वह शोभित अग्रवाल के यहां पर करीब 9 साल से नौकर है। शोभित अग्रवाल का घी व तेल का थोक का कारोबार है।
वह घी व तेल के कनस्तर को अपने छोटे हाथी में रखकर जनपद के कस्बों व गांव में दुकानदारों को पहुंचाता है और वहां से माल का पैसा लेकर मालिक शोभित अग्रवाल को दे देता है। उसके द्वारा माल के पैसों में से करीब 1 लाख 75 हजार रूपये उपयोग कर लिये गये थे। जिनका शोभित अग्रवाल को पता लग गया था। वह बार बार उससे पैसे की मांग कर रहे थे। इस बात से सुनील को बार-बार लज्जित होना पड़ रहा था।
सुनील द्वारा अपने साथी वीरेन्द्र के साथ मिलकर अपने मालिक शोभित अग्रवाल को सबक सिखाने के लिए पुलिस को पैसे लूटे जाने की झूठी सूचना दी थी इससे वह समस्त पैसों को हड़प सके लेकिन शोभित अग्रवाल को उसकी इस बात की जानकारी होने पर थाना शहजादनगर पर अभियोग पंजीकृत करा दिया था। जिसका पुलिस ने खुलासा कर दिया।
