बरेली: नैनीताल रोड पर बस रही अवैध कॉलोनी की ध्वस्त
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने एक बार फिर से नैनीताल रोड पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों पर निशाना साधा। बुधवार को बीडीए की टीम ने तीन अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर कई हजार मीटर पर विकसित हो रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई से बिल्डरों के …
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने एक बार फिर से नैनीताल रोड पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों पर निशाना साधा। बुधवार को बीडीए की टीम ने तीन अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर कई हजार मीटर पर विकसित हो रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई से बिल्डरों के बीच हड़कंप है।
बरेली विकास प्राधिकरण ने अवैध कालोनियों के विरुद्ध चलाये जा रहे ध्वस्तीकरण अभियान के तहत नैनीताल रोड पर निर्मित/निर्माणाधीन अवैध कालोनियों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसमें सरबजीत सिंह बख्शी उर्फ बिट्टू बख्शी व अन्य द्वारा नैनीताल रोड पर बड़े बाईपास पुल के निकट लगभग 12000 वर्गमीटर भूमि पर विद्युत पोल, सड़क, साइट ऑफिस व दो भवनों के कराये गये अवैध निर्माण/विकास कार्य को ध्वस्त किया।
इसी तरह एस्ट्रेटिजिक इनफो प्रोजेक्ट संस्था के द्वारा नैनीताल रोड पर बड़े बाईपास के निकट नाले के पास लगभग 6000 वर्गमीटर भूमि पर विद्युत पोल, सड़क, नाली, साइट ऑफिस आदि के कराये गये अवैध निर्माण/विकास कार्य के भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसी तरह बीडीए की टीम ने पप्पू यादव द्वारा नैनीताल रोड पर सिद्धि विनायक कॉलेज के निकट लगभग 7000 वर्गमीटर भूमि पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कराये गये अवैध निर्माण/विकास कार्य को ध्वस्त किया।
नैनीताल रोड मॉडर्न विलेज रोड पर लगभग 8000 वर्गमीटर भूमि पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कराये गये अवैध निर्माण/विकास कार्य के भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। उपरोक्त अवैध निर्माण/अवैध कालोनियों के विरुद्ध उत्तरप्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुंसगत धाराओं के अंतर्गत प्राधिकरण के सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता एवं प्रवर्तन टीम ने यह कार्रवाई की। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी इसी तरह से चलती रहेगी।
