किसान को लाखों का भेजा गया बिजली का बिल, प्रार्थना पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। बिजली विभाग का कोई जोड़ नहीं है। मीटर लगा नहीं है और बिल लोगों के घरों पर पहुंच जाता है। वहीं कनेक्शन धारक विभाग के चक्कर लगाते हैं। शिवगढ में सैकड़ों लोग इसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो ऊंचाहार के पूरे बनियन मजरे पचखरा गांव में एक किसान का दो महीने का …

रायबरेली। बिजली विभाग का कोई जोड़ नहीं है। मीटर लगा नहीं है और बिल लोगों के घरों पर पहुंच जाता है। वहीं कनेक्शन धारक विभाग के चक्कर लगाते हैं। शिवगढ में सैकड़ों लोग इसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो ऊंचाहार के पूरे बनियन मजरे पचखरा गांव में एक किसान का दो महीने का घरेलू बिजली का बिल 10 लाख 13 हजार 678 रुपए आया है। कर्मचारियों द्वारा आरसी पहुंचने के बाद किसान के होश उड़ गए। जिसके बाद उसने अधिशासी अभियंता को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

गांव निवासी किसान राजेश कुमार ने घर में उजाले के लिए बिजली का कनेक्शन लिया था। जिसका संयोजन संख्या 761603661491 है। बीते 25 अगस्त को उसने संपूर्ण बिजली के बकाया बिल का भुगतान भी कर दिया था। जिसके दो महीने बीतने के बाद बिजली विभाग का कर्मचारी 1013678 रुपए की आरसी लेकर पहुंच गया। पारसी देखने के बाद युवक के होश उड़ गए। उसने अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देकर बिल सही कराने की मांग की।

ऐसे कुछ और मामले

इसी तरह का मामला बाहरपुर गांव का है, जहां के निवासी सुरेंद्र सिंह ने 2016 में अपने खेतों की सिंचाई के लिए सामान्य छूट योजना के तहत माता फुलऊ देवी के नाम से नलकूप के कनेक्शन का आवेदन किया था। किसान ने बिजली विभाग के कार्यालय से जारी की गई टीसी शुल्क भी जमा कर सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी कर दिए थे। जिसके बाद उसे संयोजन नहीं मिला और वह मुख्यालय के चक्कर लगाते-लगाते कर्मचारियों की नीति से थक हार कर घर बैठ गया। कुछ दिन पहले उसके घर डेढ़ लाख की आरसी पहुंच गई। जिसके बाद परेशान होकर वह लगातार अधिशासी अभियंता कार्यालय के चक्कर लगा रहा है।

वहीं दौलतपुर गांव का भी कुछ ऐसा ही मामला है, जहां दिनेश कुमार त्रिपाठी के पास रहने के लिए घर नहीं था तो ग्राम प्रधान ने इंद्रा आवास बनवाया था। उपभोक्ता दिनेश कुमार ने दो साल पहले सौभाग्य योजना के अंतर्गत  बिजली का कनेक्शन लिया था। जिनका संयोजन संख्या 7318033 74559 है। जिनका बिजली का बिल पचास हजार रुपए के पार आया है। छह माह से युवक लगातार बिजली घर के चक्कर लगा रहा है। लेकिन अधिकारियों की मनमानी के चलते उसका बिल संशोधन नहीं हो रहा है।

बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार मौर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है जांच करा कर अति शीघ्र बिल सही कराई जाएगी।

संबंधित समाचार