बरेली: नमकीन फैक्ट्री मालिक को थमाया बंद खाते का चेक
सीबीगंज, अमृत विचार। नमकीन फैक्ट्री से लाखों का माल खरीदने के बाद व्यापारी ने भुगतान के लिए बंद बैंक खाते का चेक थमा दिया। बैंक में चेक जमा करने पर धोखाधड़ी का पता चलने पर नमकीन फैक्ट्री के सेल्स मैनेजर व्यापारी से मिलने पहुंचे। वहां व्यापारी ने विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी …
सीबीगंज, अमृत विचार। नमकीन फैक्ट्री से लाखों का माल खरीदने के बाद व्यापारी ने भुगतान के लिए बंद बैंक खाते का चेक थमा दिया। बैंक में चेक जमा करने पर धोखाधड़ी का पता चलने पर नमकीन फैक्ट्री के सेल्स मैनेजर व्यापारी से मिलने पहुंचे। वहां व्यापारी ने विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। वापस आने पर सेल्स मैनेजर की तहरीर पर सीबीगंज पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
परसाखेड़ा स्थित रोड नंबर एक पर संचालित बालाजी फूड के मालिक शौर्य अग्रवाल नमकीन फैक्ट्री का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से वह बस्ती जिले के रहने वाले नमकीन व्यापारी विनय तिवारी के साथ व्यापार कर रहे हैं। विनय तिवारी की लक्ष्मी ट्रेडर्स व विनय इंटरप्राइजेज नाम से दो फर्म हैं।
बताया कि 20 सितंबर 2021 को लक्ष्मी ट्रेडर्स फर्म के नाम से 16 हजार रुपए की धनराशि बकाया थी। इसके बाद भी व्यापारी ने फर्म के नाम पर 1.70 लाख कीमत का माल दोबारा मंगवाया। वहीं व्यापारी ने 1.37 लाख रुपये का चेक बालाजी फूड के नाम पर देते हुए 32 हजार रुपयों का नगद भुगतान किया। आरोप है कि जब फैक्ट्री मालिक चेक लगाने बैंक पहुंचे तो पता चला कि विनय तिवारी ने जिस खाते का चेक दिया है वह खाता पहले ही बंद हो चुका है। धोखाधड़ी का पता चलते ही उन्होंने अपने सेल्स मैनेजर जितेंद्र पाठक को व्यापारी से मिलने बस्ती भेजा दिया।
बताया कि सेल्स मैनेजर से मुलाकात के दौरान व्यापारी विनय तिवारी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। सेल्स मैनेजर के वापस आने के बाद फैक्ट्री मालिक शौर्य अग्रवाल ने सीबीगंज थाने में आरोपी व्यापारी के खिलाफ तहरीर दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर सीबीगंज पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
