सीएम योगी ने मंत्रोच्चारण के बीच गर्भगृह में छिड़का काबुल नदी का जल, जानें क्या कहा?
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या पहुंचे। प्रभु श्रीराम का दर्शन करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की तरफ से अफगानिस्तान की काबुल नदी का भेजा गया जल वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गर्भगृह में छिड़का। 101 पीत वस्त्र धारी स्वयंसेवकों ने दीपोत्सव के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना के लिए कराए गए …
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या पहुंचे। प्रभु श्रीराम का दर्शन करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की तरफ से अफगानिस्तान की काबुल नदी का भेजा गया जल वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गर्भगृह में छिड़का। 101 पीत वस्त्र धारी स्वयंसेवकों ने दीपोत्सव के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना के लिए कराए गए शंखनाद कार्यक्रम में शामिल हुए। रामकथा पार्क में दो महीने से चल रही रामायाण कॉन्क्लेव का समापन किया। साथ ही जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पांचवें दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान राम सबके हैं। इसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुये रामायण कान्क्लेव का समापन कर रहा हूं। यह प्रदेश के 16 जनपदों में विभिन्न थीमों पर आधारित था। पांचवें दीपोत्सव के तैयारी की समीक्षा करने आया हूं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अफगानिस्तान के काबुल शहर की एक लड़की ने भगवान राम को अर्पित करने के लिए काबुल नदी का जल भेजा था, उसे प्रधानमंत्री ने मुझे सौंपकर यहां अर्पित करने को कहा था।

रामलला का दर्शन करने के बाद गर्भगृह स्थान में जल को अर्पित किया। सब जानते हैं कि अयोध्या का अफगानिस्तान से गहरा सम्बंध है। महाराजा दशरथ की एक महारानी एवं पूज्य भरत जी की माता कैकेयी अफगानिस्तान की हैं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या शोध संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने रामायण कान्क्लेव पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने संतों को सम्मानित किया, जिसमें सुरेश दास, राजकुमार दास, धर्मदास, मैथिलीरमण, शरण जीत, राम दास जी, जन्मेजय शरण जी, देवेन्द्रप्रसादाचार्य जी तथा आदि शामिल थे। रामायण कान्क्लेव का शुभारम्भ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 29 अगस्त को रामकथा पार्क के मुख्य मंच से किया था। मुख्यमंत्री का सर्वप्रथम आगमन रामकथा पार्क हेलीपैड पर हुआ। उन्होंने अशर्फी भवन पीठाधीश्वर जगतगुरु श्रीधराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपर मुख्य सचिव सूचना डॉ. नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर पुलिस महानिदेशक एसएन सावंत, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, मण्डलायुक्त एमपी अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक श्री कविंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, सीडीओ अनीता यादव के साथ वरिष्ठ व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
