बरेली: रेस्टोरेंट में झगड़े का विरोध करने पर मारपीट, सिर में फोड़ी बियर की बोतल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रेस्टोरेंट में खाना खाते समय पड़ोस की टेबल पर झगड़ा कर रहे लोगों को मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। झगड़े के दौरान एक युवक के सिर पर बियर की बोतल मार दी। घायल ने आरोपियों पर लूट करने का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की। तहरीर के …

बरेली, अमृत विचार। रेस्टोरेंट में खाना खाते समय पड़ोस की टेबल पर झगड़ा कर रहे लोगों को मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। झगड़े के दौरान एक युवक के सिर पर बियर की बोतल मार दी। घायल ने आरोपियों पर लूट करने का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा शेखान निवासी राजेश मौर्य ने बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने दोस्त प्रवीन भारती के साथ इज्जतनगर के सौ फुटा रोड स्थित स्पाइस रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। बताया कि रेस्टोरेंट में उनकी पड़ोस वाली टेबल पर चार अज्ञात लोग खाने के साथ-साथ शराब भी पी रहे थे। बताया कि शराब पीते-पीते वह चारों आपस में ही झगड़ा करने लगे। अनावश्यक शोर की आवाज पर उन्होंने चारों लोगों से झगड़ा करने से मना किया तो चारों आरोपी हंगामा करते उनपर ही हमलावर हो गए।

इसी दौरान एक आरोपी ने प्रवीन पर हमला करते हुए मारपीट शुरू कर दी और दोनों दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी। एक आरोपी ने राजेश मौर्य के सिर में बीयर की बोतल फोड़ दी। घटना स्थल पर खून देख रेस्टोरेंट में बैठे अन्य ग्राहकों में भगदड़ मच गई। किसी तरह वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने विवाद को शांत कराया और घायल को अस्पताल भिजवाया।

इलाज के बाद घायल राजेश ने इज्जनतनगर पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों पर सोने की चेन लूटने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर इज्जतनगर पुलिस ने चारों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार