बरेली: दिवाली और छठ पूजा पर 650 बसें रूटों पर दौड़ेंगी
बरेली, अमृत विचार। परिवहन विभाग दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 2 से 11 नवंबर तक अनवरत बस सेवाएं संचालित करेगा। हर रूट पर यात्रियों को रोडवेज बस मिल सके इसके लिए बरेली परिक्षेत्र के बेड़े की 650 बसें रूटों पर दौड़ेंगी। जिन रूटों पर कोरोना काल से संचालन …
बरेली, अमृत विचार। परिवहन विभाग दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 2 से 11 नवंबर तक अनवरत बस सेवाएं संचालित करेगा। हर रूट पर यात्रियों को रोडवेज बस मिल सके इसके लिए बरेली परिक्षेत्र के बेड़े की 650 बसें रूटों पर दौड़ेंगी। जिन रूटों पर कोरोना काल से संचालन बंद चल रहा था, उन रूटों पर भी बसें चलेंगी।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों पर अपने घरों को जाने वाले यात्रियों के लिए इस बार अधिकारियों और कर्मचारियों की बस स्टैंडों पर भी ड्यूटियां लगाई हैं, ताकि वह लोड फैक्टर की जानकारी दे सकें। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के कई रूटों पर सवारी नहीं मिलने के कारण बसें बंद कर दी गई थीं, जिन्हें दोबारा चालू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोडवेज के नियमित और संविदा कर्मचारियों को लगातार 10 दिन तक ड्यूटी करने पर प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा।
अनुबंधित बसों के चालक भी इस दौरान अवकाश नहीं कर सकेंगे। परिक्षेत्र की सभी बसों को दिवाली से पहले कार्यशालाओं में दुरुस्त करा लिया गया है। इनकी आवश्यक मरम्मत कराने के बाद रूटों पर भेजा जा रहा है। अधिकांश परिचालकों को मैनुअल टिकट की जगह ईटीएम दी जा रही हैं ताकि वह आसानी से यात्रियों के टिकट बना सकें।
इन रूटों पर हर घंटे पर बस
आगरा, लखनऊ, कानपुर, इटावा, मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हल्द्वानी, पीलीभीत, बदायूं, दिल्ली, टनकपुर, अलीगढ़, मुथुरा, हरिद्वार, देहरादून, रूट पर हर घंटे पर बसें मिलेंगी। दिल्ली रूट पर प्रतिदन 360 बसे संचालित की जाएंगी। वहीं आगरा रूट पर प्रतिदिन 60 बसों का संचालन किया जाएगा। टनकपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद और कानपुर मार्ग पर प्रतिदिन 110 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा लोकल मार्ग पर 115 बसों का संचालन किया जाएगा।
