बरेली: दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट बदले समय पर भरेंगी उड़ान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए बरेली एयरपोर्ट से संचालित फ्लाइट के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। साथ ही दिल्ली फ्लाइट की तरह ही मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट अब प्रतिदिन संचालित होगी। आज से ये फ्लाइटें बदले समय पर उड़ान भरेंगी। दिवाली के मद्देनजर फ्लाइटों में भी एडवांस बुकिंग …

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए बरेली एयरपोर्ट से संचालित फ्लाइट के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। साथ ही दिल्ली फ्लाइट की तरह ही मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट अब प्रतिदिन संचालित होगी। आज से ये फ्लाइटें बदले समय पर उड़ान भरेंगी। दिवाली के मद्देनजर फ्लाइटों में भी एडवांस बुकिंग हो रही है।

बरेली-दिल्ली के लिए संचालित मॉर्निंग फ्लाइट के समय में 31 अक्टूबर से बदलाव कर दिया गया। नए शेड्यूल के अनुसार एटीआर-72 की फ्लाइट दिल्ली से 9:40 बजे उड़कर बरेली एयरपोर्ट 10:45 बजे पहुंचेगी। यहां एक घंटे के बाद दिल्ली के लिए 11:15 बजे उड़ान भरकर 12:15 बजे पहुंचेगी। 31 अक्टूबर से आगामी आदेश तक इसी शेड्यूल पर फ्लाइट ने उड़ान भरना शुरू कर दिया।

बरेली-दिल्ली की फ्लाइट फुल जा रही है। इस वजह से एडवांस बुकिंग कराने के बावजूद यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ रहा है। अभी एलाइंस एयर की फ्लाइट 24 सितंबर से ‘मार्निंग फ्लाइट’ के रूप में संचालित हो रही है। 2070 रुपये किराया दिल्ली से बरेली आने के लिए और 1959 रुपये किराया बरेली से दिल्ली जाने के लिए निर्धारित है।

आज से प्रत्येक दिन फ्लाइट से मुंबई और बेंगलुरू जाएं
आज से मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट बरेली से रोज संचालित होगी। यात्रियों के अच्छे रुझान को देखते हुए इंडिगो का एक माह का नया शेड्यूल ट्रायल के तौर पर जारी कर दिया गया है। फ्लाइट के संचालन के लिए एयरफोर्स से मंजूरी पहले ही मिल गई थी। समय में भी बदलाव कर दिया गया है। 12 अगस्त से मुंबई व 14 अगस्त से बेंगलुरु की फ्लाइट बरेली से शुरू हुई थी।

जिसका लाभ बरेली और मंडल के साथ उत्तराखंड के कुमाऊं के लोग भी उठा रहे हैं। 31 अक्टूबर तक मुंबई के लिए मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को एवं बेंगलुरु के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को फ्लाइट का संचालन हो रहा था। अब दोनों फ्लाइट प्रतिदिन यहां से संचालित की जाएंगी।

मुंबई और बेंगलुरू फ्लाइट का नया समय
इंडिगो ने सर्दी के मौसम को देखते हुए फ्लाइट के समय भी बदलाव किया है। आज से बेंगलुरू से फ्लाइट 11:10 मिनट पर उड़ान भरकर दोपहर 2 बजे बरेली पहुंचेगी। अपराह्न 3 बजे बरेली से बेंगलुरू के लिए उड़ान भरकर शाम 5:55 बजे फ्लाइट बेंगलुरू पहुंचेगी। मुंबई से फ्लाइट 9:50 बजे बरेली के लिए उड़ान भरकर 12:15 मिनट पर बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी। दोपहर 1:15 मिनट पर बरेली से मुंबई के लिए उड़ान भरकर अपराह्न 3:45 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी।

बरेली-लखनऊ फ्लाइट के इंतजार में निकल जाएगी दिवाली
यहां से बरेली-लखनऊ की फ्लाइट को मंजूरी तो मिल गयी। दिवाली तक शेड्यूल जारी होने की उम्मीद थी लेकिन अभी तक फ्लाइट का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। अब तो लखनऊ फ्लाइट के इंतजार में ही दिवाली निकल जाएगी। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने लखनऊ की उड़ान की तैयारी पूरी कर ली हैं। इस रूट पर टर्बो मेगा एयरवेज 72 सीटर विमान संचालित करेगी।

इस पर उड्डयन मंत्रालय ने मुहर लगा दी है। शहर के उद्यमी और विभिन्न वर्गों के लोग लगातार लखनऊ के लिए विमान सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। बरेली से लखनऊ और दिल्ली की दूरी करीब-करीब एक जैसी ही है। हवाई यात्रा का प्रारंभिक किराया भी 21 सौ रुपये तय माना जा रहा है।

संबंधित समाचार