अयोध्या: दीपोत्सव भी आम आदमी की पहुंच से दूर, सिर्फ वीआईपी लोगों को ही मिलेगी एंट्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में बीते 4 साल से दीपोत्सव का विश्व कीर्तिमान बन रहा है। वैसे तो राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य आयोजन अलौकिक होता है,  लेकिन इस बार भी दर्शक के तौर पर आम आदमी की पहुंच वहां तक नहीं हो पाएगी। इस तरह से दीपोत्सव का मुख्य आयोजन इस बार भी वीआईपी …

अयोध्या। जिले में बीते 4 साल से दीपोत्सव का विश्व कीर्तिमान बन रहा है। वैसे तो राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य आयोजन अलौकिक होता है,  लेकिन इस बार भी दर्शक के तौर पर आम आदमी की पहुंच वहां तक नहीं हो पाएगी। इस तरह से दीपोत्सव का मुख्य आयोजन इस बार भी वीआईपी लोगों का ही होकर रह जाएगा।

दीपोत्सव का आगाज हो चुका है। पूरा शहर राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के प्रचार की होर्डिंगों से पटा पड़ा है। वीआईपी लोगों को निमंत्रण भी पहुंच चुका है। मीडिया को पास जारी हो गया है। वालंटियर्स भी काम में जुटे हैं, लेकिन इन सबके बीच घर-घर चर्चा हो रही है कि हमें श्रीराम के आगमन की झांकी के साक्षात दर्शन कब नसीब होंगे.? या यूं कहें हमें राम की पैड़ी पर त्रेता युग वाला नजारा कब देखने को मिलेगा।

रीडगंज निवासी जर्नादन दूबे का कहना है कि 81 साल का हो गया हूं। अबकी पांचवी बार अयोध्या में दीपोत्सव होने जा रहा है, लेकिन दीपोत्सव में भगवान राम के आगमन की आभा को देखने का मौका नहीं मिला। अब इसे सरकार द्वारा नजर अंदाज मानें या फिर भगवान की इच्छा। कुछ भी कहना सही नहीं है।

वहीं बल्लाहाता की 70 साल की निवासी शकुंतला देवी ने बताया कि टीवी पर ही दीपोत्सव का नजारा देखकर मन को दिलासा देती हूं। साक्षात देखने का अगर एक बार भी सौभाग्य मिल जाए तो मन को शांति मिल जाएगी।

कौशलपुर की 70 साल की निवासी सत्यप्रकाश का कहना है कि सरकार को कोई ऐसी व्यवस्था भी करनी चाहिए, जिससे आम आदमी भी वहां जा सके। छह माह से हर आदमी रामनगरी में होने वाले दीपोत्सव  का इंतजार करता है, लेकिन वहां न जा पाने से मन मचोट कर रहा जाता है।

गौरतलब है कि अयोध्या में राम की पैड़ी स्थित घाटों पर दीपोत्सव का मुख्य आयोजन किया जाता है। जगह छोटी होने व नदी के कारण आम लोगों को इसमें प्रतिबंधित कर दिया जाता है। फिलहाल कार्यक्रम का प्रसारण टीवी चैनल व सोशल मीडिया पर होता है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा शहर भर में बड़ी-बड़ी एलईडी पर भी कार्यक्रम दिखाया जाता है।

संबंधित समाचार