बरेली: जिले में डेंगू के डंक से एक बुजुर्ग की मौत, 11 नए मरीज
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार कहर बरपा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात शहर के मढ़ीनाथ निवासी एक बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं जिले भर में 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब डेंगू मरीजों का आंकड़ा अब 419 पर पहुंच गया है। …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार कहर बरपा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात शहर के मढ़ीनाथ निवासी एक बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं जिले भर में 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब डेंगू मरीजों का आंकड़ा अब 419 पर पहुंच गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।
सुभाष नगर के मढ़ीनाथ निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग को बीते 15 दिनों से बुखार की समस्या थी। उनका इलाज पास के ही एक निजी डाक्टर से चल रहा था। चार दिन पहले जब घर पर हालत गंभीर हुई तो परिजनों ने उन्हें भोजीपुरा स्थित निजी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जहां देर रात बुजुर्ग की हालत गंभीर हुई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
570 की जांच में मलेरिया का एक मरीज
जिले में डेंगू के सापेक्ष मलेरिया के मामलों की संख्या काफी कम हैं। मंगलवार को जिले भर में कुल 570 मलेरिया की जांच की गई। जिसमें महज एक मरीज में मलेरिया की पुष्टि हुई है। जिसमें एक मरीज में फाल्सीपेरम मिला है।
361 घरों में निरोधात्मक कार्रवाई
सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि जिले में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। इसको लेकर डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) की टीम सक्रिय है। मंगलवार को जिस क्षेत्र में डेंगू के मरीज मिले हैं वहीं टीमों की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं, 361 घरों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
