बरेली: धनतेरस पर 400 करोड़ रुपये की धनवर्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल के बाद मंगलवार को सजे धनतेरस के बाजार ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सुबह से ग्राहकों की जमकर भीड़ उमड़ पड़ी। इतना ही नहीं लोगों ने दिल खोलकर खरीदारी भी की। इससे व्यापारी उत्साह से भर उठे। सुबह 9 बजे दुकानें खुलने के बाद रात 12 बजे …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल के बाद मंगलवार को सजे धनतेरस के बाजार ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सुबह से ग्राहकों की जमकर भीड़ उमड़ पड़ी। इतना ही नहीं लोगों ने दिल खोलकर खरीदारी भी की। इससे व्यापारी उत्साह से भर उठे। सुबह 9 बजे दुकानें खुलने के बाद रात 12 बजे तक ग्राहक बाजार में चमक बिखेरते रहे। एक अनुमान के मुताबिक धनतेरस के बाजार में 400 करोड़ रुपये की धनवर्षा बताई जा रही है।

कोरोना काल ने सबसे ज्यादा व्यापारियों को बड़ा झटका दिया था। दो बार लगे लाकडाउन के कारण छोटे-बड़े सभी प्रकार के दुकानदार दो साल तक नुकसान झेलते रहे लेकिन इस दिवाली पर व्यापार ने उछाल मारी है। धनतेरस पर शहर के प्रमुख बाजार जैसे सिविल लाइन, बड़ा बाजार, आलमगिरी गंज, कुतुबखाना में लोगों ने बेधड़क खरीदारी की।

ब्रांडेड-नॉनब्रांडेड, छोटी-बड़ी सभी दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। देर शाम तो दुकानों के अंदर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। धनतेरस पर जहां लोगों ने कार, बाइक, जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल्स, फर्नीचर, कपड़ा बाजार, गिफ्ट, दीये, लक्ष्मी गणेश, खील एवं खिलौने से लेकर तमाम तरह के गिफ्ट आइटम की खूब खरीदारी की। झाडू की बंपर बिक्री से दुकानों पर स्टॉक ही खत्म हो गया।

सराफा बाजार में रही खूब चमक

120 करोड़ का कारोबार
त्योहारी सीजन को भुनाने के लिए धनतेरस पर सराफा बाजार भी सुबह जल्दी खुल गया। गोल्ड की घिन्नी, बिस्किट, ज्वेलरी की लोगों ने जमकर खरीदारी की जिन लोगों ने धनतेरस पर डिलीवरी पाने के लिए पहले से एडवांस बुकिंग करा रखी थी। उन्होंने सुबह 11 बजे तक ही दुकान और शोरूम से ज्वेलरी ले ली। अंगूठी, पेंडेंट, चांदी के रंगीन सिक्के, चांदी के गौरी गणेश की खूब बिक्री हुई। सिंगल हीरा और लाइट वेट ज्वैलरी लोगों की पहली पसंद बने। पारंपरिक जेवरों की खरीदारी भी खूब हुई। जिले में करीब 120 करोड़ रुपये के जेवरों की बिक्री हुई।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी रही जबरदस्त भीड़

80 करोड़ का कारोबार
इलेक्ट्रॉनिक सामान में वाशिंग मशीन, रेफ्रीजरेटर, हीटर, एलईडी जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री भी खूब हुई। सबसे ज्यादा स्मार्ट एलईडी, ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन, डबल डोर रेफ्रिजरेटर की बिक्री हुई। मिक्सर, मोबाइल एवं अन्य सामान भी खूब बिके। इलेक्ट्रिकल्स में झालरों और एवं अन्य सजावटी उपकरणों की बिक्री खूब हुई, जिससे बाजार करीब 80 करोड़ तक पहुंच गया।

ऑटो सेक्टर में 700 कारें, 2500 बाइकें बिकीं

110 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर शहर में करीब 700 कार सहित और जिले में करीब 2500 दो दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। इसके साथ ही ऑटो, टैक्सी, मैजिक एवं अन्य वाहन सहित करीब 3500 वाहन बिक गए। वाहनों की खरीद पर मिलने वाले उपहारों ने खरीद की खुशी को दोगुना कर दिया। कई लोगों को धनतेरस पर माल की शॉर्टेज की वजह से पसंदीदा कलर से भी समझौता करना पड़ा। आटो सेक्टर में करीब 110 करोड़ रुपये कारोबार पार कर गया।

चमका बर्तन बाजार, खूब हुई बिक्री

42 करोड़ का कारोबार
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक धनतेरस पर लोगों ने खूब बर्तन खरीदे। बर्तनों की खनक सुबह से लेकर देर रात तक बाजार में खनकती रही। स्टील, कापर, फूल और तांबा के बने सभी बर्तनों की बिक्री जबरदस्त हुई। आलमगिरी गंज बर्तन मार्केट में भीड़ इतनी अधिक रही कि पैदल चलना भी दूभर हो गया था। स्थायी और अस्थायी दोनों ही दुकानों पर लोगों ने जमकर ग्लास, चम्मच, थाली, दीप स्टैंड, कलश जैसे बर्तनों की जमकर खरीदारी की। पूरे बाजार में करीब 42 करोड़ रुपये के बर्तनों की बिक्री हुई।

मिठाई में काजू कतली खूब बिकी

25 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर बाजार में करीब 25 करोड़ रुपये की मिठाई, मेवा और गिफ्ट पैक की खरीदारी की गई। इस बार शहरी लोगों की पहली पसंद काजू बर्फी बनी। शहर में जहां आठ करोड़ तो देहात में सात करोड़ की मिठाई बिकी। लोगों ने मिठाइयों के साथ ही सूखे मेवे और चॉकलेट के गिफ्ट भी खूब खरीदे। शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल कुतुबखाना में मेवे का बड़ा कारोबार है। देर रात लोग खरीदारी करते नजर आए।

ऑनलाइन बाजार की पूरे दिन चली डिलीवरी

15 करोड़ का करोबार
व्यापारी भले ही ऑनलाइन कारोबार का विरोध कर रहे हों, लेकिन धनतेरस पर लोगों ने जमकर ऑनलाइन खरीदारी की। ऑनलाइन बाजार का कारोबार करने वालों की मानें तो करीब 15 करोड़ रुपये की ऑनलाइन खरीद हो चुकी है। अधिकांश लोग ऑर्डर कर चुके हैं और डिलीवरी का इंतजार चल रहा है। इस बार लोगों ने सबसे ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम खरीदे हैं।

उत्साहित व्यापारी बोले-

उम्मीद से ज्यादा बिकीं बाइक
पहले से बुक बाइकों की डिलीवरी की सोमवार को ही तैयारी कर ली थी। धनतेरस पर कई लोग बाइक खरीदने आए। जिले में करीब 3000 हजार दो पहिया वाहन बिकने का अनुमान है। पिछले दिनों हुई बारिश और बाढ़ का असर भी कुछ हद तक देखने को मिला। देर शाम तक उम्मीद से ज्यादा कारोबार हुआ है। -पंकज अग्रवाल, बांके बिहारी

अच्छा रहा धनतेरस का बाजार
कोरोना से उपजे हालात देखकर बेहतर कारोबार होने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन धनतेरस पर कारोबार उम्मीद से ज्यादा अच्छा रहा। चांदी के रंगीन सिक्के लोगों की पहली पसंद रहे। चांदी के बने लक्ष्मी, गणेश की बिक्री भी अच्छी रही। हीरा और सोने के आभूषणों की खरीद भी सही रही। -संदीप अग्रवाल, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष

उम्मीद के मुताबिक नहीं बिकी कारें
कारों का उत्पादन बहुत कम है। धनतेरस की बुकिंग वाली कारें भी ग्राहकों को नहीं मिल सकी। कम मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई में दिक्कत न होती तो इस त्योहारी सीजन में वाहन बिक्री का आंकड़ा पिछले दो सालों से डेढ़ गुना तक हो सकता था। धनतेरस के लिए की गई बुकिंग की डिलीवरी नवंबर के आखिर तक चलेगी। -विशाल सिंह, जीएम, मूसाराम इंटरप्राइजेज

कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन से बेपटरी हुए कारोबार से व्यापारी परेशान थे, लेकिन धनतेरस पर बाजारों में खरीदारों की भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। धनतेरस पर विंटर वियर की बिक्री भी खूब हुई। ग्राहकों में खरीदारी को लेकर उत्साह भी दिखा। -शानू काजमी, व्यापारी

कोरोना के चलते दो वर्ष से मंद पड़े व्यापार को धनतेरस ने संजीवनी दी है। त्योहार व शादी का सीजन शुरू होने से बाजार जोर पकड़ने लगा है। हालांकि महंगाई के चलते खरीदारी जिस तरह होनी चाहिए थी, उस तरह नहीं हो रही है। -संतोष पटेल, व्यापारी

निचले स्तर पर कारोबार को त्योहार से राहत मिली है। बाजार में पैसे की तरलता बढ़ी है और कारोबार में भी उछाल है। त्योहारी सीजन के बाद भी स्थिति इसी तरह रहने की संभावना है। -राजेश जसौरिया, व्यापारी

जितनी उम्मीद नहीं थी, इस बार उससे अधिक ग्राहकों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिली। पहले से भी लोग इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की बुकिंग करवा रहे थे। धनतेरस पर काफी डिलीवरी दी गई। -हरीश अरोरा, इलेक्ट्रानिक व्यापारी

संबंधित समाचार