बरेली: पीडब्ल्यूडी का बजट मंजूर नहीं, बीडीए कराएगा बाकी काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रजऊ परसपुर से शहर के अंदर से होकर झुमका चौराहा तक मिलने वाली सड़क का नवीनीकरण का काम पिछले साल ही होना था। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए करीब 24 करोड़ रुपये की डीपीआर मंजूरी के लिए शासन को भेजी थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने झुमका चौराहा से मिनी बाईपास चौराहे तक सड़क …

बरेली, अमृत विचार। रजऊ परसपुर से शहर के अंदर से होकर झुमका चौराहा तक मिलने वाली सड़क का नवीनीकरण का काम पिछले साल ही होना था। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए करीब 24 करोड़ रुपये की डीपीआर मंजूरी के लिए शासन को भेजी थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने झुमका चौराहा से मिनी बाईपास चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का काम जो बीडीए कर रहा था, उसे रुकवा दिया था लेकिन पीडब्ल्यूडी की डीपीआर शासन में मंजूर होने से पहले ही अटक जाने से अब बीडीए सीबीगंज की ओर बकाया काम फिर करेगा। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों का कहना है कि बीडीए रोड के किनारे के हिस्से का चौड़ीकरण करेगा। जबकि पीडब्ल्यूडी नवीनीकरण के तहत सड़क के वर्तमान हिस्से को ठीक कराएगा।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर के अंदर से होकर निकले लखनऊ-दिल्ली पुराने हाईवे के करीब 17 किलोमीटर हिस्से को चौड़ा किया जाना है। सिटी स्टेशन के सामने सीसी रोड बनाई जाएगी। इससे वहां जलभराव से बार-बार सड़क खराब होने की समस्या नहीं रहेगी। परसाखेड़ा जीरो प्वाइंट यानी झुमका चौराहा से शहर के अंदर आने वाला मार्ग पहले हाईवे का हिस्सा था, लेकिन बड़ा बाईपास बनने के बाद यह जिला मार्ग रह गया है।

पीडब्ल्यूडी के अधीन यह मार्ग झुमका चौराहा से किला होते हुए चौपुला चौराहा होकर सेटेलाइट तिराहा और नकटिया होते हुए रजऊ परसपुर में बड़ा बाईपास से मिलता है। इस मार्ग की लंबाई करीब 24 किलोमीटर है। इस रोड के नवीनीकरण के काम के लिए करीब 21.44 करोड़ का एस्टीमेट तैयार करके शासन को भेजा गया था लेकिन वहां से मंजूरी मिलने में देरी हो रही है। पहले इस हाईवे का झुमका चौराहे से मिनी बाईपास चौराहे तक के हिस्से का रोड चौड़ीकरण बीडीए करा रहा था लेकिन इस रोड का नवीनीकरण का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी ने भेज दिया था।

इसलिए बीडीए के काम को रुकवा दिया गया था लेकिन अब बजट में देरी के चलते बीडीए से रोड के चौड़ीकरण का बाकी काम भी पूरा करने को कह दिया गया है। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन गोविंद कुमार ने बताया कि बीडीए रोड का केवल चौड़ीकरण कराएगा, जबकि वर्तमान रोड की चौड़ाई का काम पीडब्ल्यूडी बजट स्वीकृत होने पर कराएगा।

संबंधित समाचार