लखीमपुर खीरी: अनियंत्रित वाहन ने साइकिल और बाइक सवारों को कुचला, तीन की मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शुक्रवार की देर शाम अनियंत्रित हुए एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को रौंदते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे बाइक सवार युवक की …
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शुक्रवार की देर शाम अनियंत्रित हुए एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को रौंदते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से मृतकों के घरों में चीखपुकार मच गई।
हादसा शुक्रवार की शाम करीब छह बजे हुआ। कोतवाली सदर के गांव तेंदुआ बाजपेयी निवासी आशाराम (40) गांव बाँसताली निवासी अपने मामा के घर गया था। शाम को वह साइकिल से घर आ रहा था। गांव चिमनी के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे पहले साइकिल में टक्कर मार दी, इसके बाद अनियंत्रित वाहन ने कुछ दूर आगे चल रही बाइक में टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। उधर दुर्घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई।
लोग जब तक घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था करते। इससे पहले ही आशाराम, गांव हसनापुर निवासी बाइक सवार मुकेश (17) ने दम तोड़ दिया। लोगो ने घायल बाइक सवार अनुज और नफीस (18) को जिला अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर अनुज को लखनऊ रेफर कर दिया। शनिवार की सुबह अनुज की भी मौत हो गयी है, जबकि नफीस की हालत गंभीर है। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर तीनों शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
भाई दूज की काफूर हुईं खुशियां दो दोस्तों की मौत से मातम
गांव चिमनी के पास हुए सड़क हादसे ने भाई दूज पर तीन परिवारों की खुशियां छीन ली। वहीं हादसे से दो गावों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव तेंदुआ बाजपेई निवासी हरिश्चंद्र ने बताया कि भाई आशाराम मजदूरी करता है। उनकी दो बहनें हैं। एक बहन अविवाहित है। आशाराम मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाता था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। हादसे के बाद से उसके घर मे कोहराम मचा हुआ है। हादसे में मौत की खबर जब घर आई तो पत्नी पूजा गश खाकर गिर गयी।
चीख पुकार पर पहुची आसपास की महिलाओं और लोगों ने परिवार वालों को ढांढस बंधाया। वहीं दूसरी ओर गांव हसनापुर में गांव के दो युवा दोस्तो की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। जिसने भी सुना वह हतप्रभ रह गया। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश, अनुज और नफीस आपस मे गहरे दोस्त थे। अक्सर जहां जाते तीनों साथ ही जाते थे। हादसे ने दो की जान के लि, जबकि तीसरा दोस्त जिंदगी और मौत से अस्पताल में जूझ रहा है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
