बरेली: भाई दूज पर सभी बसें चलाने के निर्देश, फिर भी बहने बे’बस’
बरेली, अमृत विचार। ट्रेनों में अनारक्षित टिकट नहीं मिलने के कारण त्योहारों पर यात्रियों का अधिकतर भार रोडवेज बसों पर आ गया है। शनिवार को भैयादूज के चलते रोडवेज बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कईयों को बसों में सीट तक नहीं मिली। खड़े होकर सफर करना पड़ा। बस अड्डों पर भी …
बरेली, अमृत विचार। ट्रेनों में अनारक्षित टिकट नहीं मिलने के कारण त्योहारों पर यात्रियों का अधिकतर भार रोडवेज बसों पर आ गया है। शनिवार को भैयादूज के चलते रोडवेज बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कईयों को बसों में सीट तक नहीं मिली। खड़े होकर सफर करना पड़ा। बस अड्डों पर भी बसों के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा।

भैयादूज पर हर साल भारी भीड़ उमड़ती है। लिहाजा परिवहन निगम ने अपनी तैयारियां कर रखी थीं। मंडल की सभी 625 बसें संचालित करने के निर्देश क्षेत्रीय प्रबंधक ने दिए थे। बावजूद यात्रियों की भीड़ बस अड्डों पर ऐसी उमड़ी कि रोडवेज बसें कम पड़ गईं। शुक्रवार देर रात से सेटेलाइट पर पुराने रोडवेज बस अड्डे पर सवारियों का दबाव बढ़ा तो रात के समय बस अड्डों पर स्थानीय डिपो की बसें ही मौजूद नहीं थीं।
मजबूरन बहनों को बाहर से आने वाली दूसरी डिपो की बसों का सहारा लेना पड़ा। इन बसों में पहले से ही खचाखच भीड़ थी। ऐसे में सीट पाने के लिए बहनों को एक बस से दूसरी बस तक दौड़ भी लगानी पड़ी । हालांकि सभी बस स्टैंड पर यात्रियों को जानकारी देने के लिए उद्घोषणा काउंटर पर 4-4 टीम तैनात की गईं थी जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

-मंडल की सभी बसें इस समय संचालित की जा रही हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए रोडवेज स्टाफ लगा हुआ है। हमने अपनी तरफ से इंतजाम पूरे किए हैं।
-आरके त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक
