रामपुर: 8 नवंबर को रामपुर पहुंचेगे मुख्यमंत्री, तैयारियां जोरों पर
रामपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामपुर आगमन से पूर्व पुलिस लाइन से महात्मा गांधी तक सबकुछ चकाचक हो गया है। फिजीकल कालेज स्टेडिम में पंडाल बनाने का काम क्रेनों और मजदूरों के माध्यम से दिनों रात कराया जा रहा है। आठ नवंबर को मुख्यमंत्री का उड़नखटोला पुलिस लाइन में अपराह्न करीब 2:30 बजे …
रामपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामपुर आगमन से पूर्व पुलिस लाइन से महात्मा गांधी तक सबकुछ चकाचक हो गया है। फिजीकल कालेज स्टेडिम में पंडाल बनाने का काम क्रेनों और मजदूरों के माध्यम से दिनों रात कराया जा रहा है। आठ नवंबर को मुख्यमंत्री का उड़नखटोला पुलिस लाइन में अपराह्न करीब 2:30 बजे उतरेगा। पूरे दिन अधिकारियों के हूटर बजाते वाहन कार्यक्रम स्थल पर चक्कर लगाते रहे।
फिजिकल कालेज के महात्मा गांधी स्टेडियम पर आठ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम है। इसके लिए सफाई व्यवस्था और पंडाल बनाए जाने का युद्ध स्तर पर हो रहा है। फिजिकल कालेज स्टेडियम के पवेलियन के पीछे सालों बाद झाड़ियों की सफाई कराई गई है। इसके अलावा स्वार रोड के डिवाइडर को रंग-पालिश कराया जा रहा है। स्वार रोड के दोनों ओर की झाड़ियों की सफाई कराई जा रही है।
उर्दू कालोनी के निकट, नई तहसील रोड पर सफाई अभियान चल रहा है। बाढ़ और बारिश के बाद इस रोड की हालत काफी खराब हो गई थी। लेकिन, शनिवार से नजारा बदला-बदला नजर आने लगा है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि साफ-सफाई कराने के लिए जिला पंचायत राज विभाग के 400 सफाईकर्मी लगाए गए हैं इसके अलावा नगर पालिका परिषद रामपुर के करीब 200 कर्मचारी और नगर पंचायत केमरी के 100 कर्मचारी लगाए गए हैं।
नगर पालिका परिषद रामपुर के ठेका कर्मचारी, संविदा और स्थायी सभी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में लगाया गया है। इसके अलावा स्वार रोड पर लगी लाइटों को दुरुस्त कराया जा रहा है और खंभों पर भी रंग पालिश कराया गया है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रामपुर डा. विवेकानंद गंगवार ने बताया कि रविवार को सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों से पच्चीस कर्मचारी रामपुर आएंगे। इसके अलावा तमाम अधिशासी अधिकारियों की भी ड्यूटियां लगाई गई हैं।
