मुरादाबाद : बिजनौर के कबाड़ी की होटल में हार्टअटैक से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पास दो आईडी मिलीं। शव की शिनाख्त बिजनौर के कबाड़ी के रूप में हुई। वह बरेली के एक व्यक्ति के साथ प्रापर्टी डीलर का काम भी करते थे। परिजनों ने बताया कि वह कई …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पास दो आईडी मिलीं। शव की शिनाख्त बिजनौर के कबाड़ी के रूप में हुई। वह बरेली के एक व्यक्ति के साथ प्रापर्टी डीलर का काम भी करते थे। परिजनों ने बताया कि वह कई दिन पहले नाराज होकर घर से गए थे। एक नवंबर से होटल के कमरे में ठहरे हुए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कोतवाली क्षेत्र में प्रिंस रोड पर स्थित होटल साईं पैलेस के कमरा नंबर 108 में एक नवंबर को 52 वर्षीय अब्दुल सत्तार ठहरे थे। उन्होंने अपना पता खसरा नंबर 1275, गली नंबर 15 नार्थ वेस्ट दिल्ली बताया था। इसी नाम और पते ही उन्होंने होटल में आईडी भी जमा की थी। रात करीब 11 बजे सर्विस ब्वाय ने होटल मैनेजर आशु को बताया कि अब्दुल सत्तार कमरा नहीं खोल रहे हैं।

इस पर उन्होंने कमरा खोलकर देखा तो अब्दुल सत्तार बैड पर मृत अवस्था में पड़े थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे और कमरे की बारीकी से तलाशी ली। इसके साथ ही उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। कमरे की तलाशी में अब्दुल मलिक के नाम की आईडी, हार्ट की दवाइयां आदि मिलीं। दूसरी आईडी पर बिजनौर जनपद के स्योहारा थानाक्षेत्र के गांव रवाना शिकारपुर का पता मिला था।

कोतवाली पुलिस ने आईडी के आधार पर स्योहारा पुलिस से संपर्क किया। तब स्योहारा पुलिस ने अब्दुल मलिक के पते पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। फोटो के आधार पर उन्होंने मृतक की शिनाख्त अब्दुल मलिक के रूप में की। मृतक के पुत्र एजाज ने बताया कि उनके पिता कबाड़ी का काम करते थे। उन्होंने दो शादी की थीं। पहली पत्नी ताहिरा खातून से दो बेटे शहजाद और एजाज हैं। उन्होंने पहली पत्नी को तलाक देकर हमीदा से दूसरा निकाह कर लिया था।

हमीदा के तीन बेटे तुफैल, फरहान और फरहाज तथा चार बेटियां हैं। एजाज के अनुसार उनके पिता ने दूसरी पत्नी और उनके बच्चों को मकान बनाकर दे दिया था जबकि उन्हें कुछ भी नहीं दिया था। इसी को लेकर उनका सौतेले भाइयों से विवाद होता रहता था। इसी से नाराज होकर उनके पिता करीब 15 दिन पूर्व घर से चले गए थे। दिवाली से पहले वह घर गए थे।

छोटे भाई को खर्च के लिए पैसे देकर घर से बाहर से ही लौट गए थे। कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में अब्दुल मलिक की मौत कारण हार्ट अटैक बताया गया है। एजाज ने बताया कि उनके पिता को पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था। एजाज के अनुसार यह समझ में नही आ रहा है कि उनके पिता ने दो आईडी क्यों बनवा रखीं थीं।

संबंधित समाचार