अयोध्या: खाकी फिर दागदार… केस डायरी गायब, दारोगा व दो सिपाहियों पर केस दर्ज
अयोध्या। जिले में एक बार फिर से खाकी दागदार हो गई। इस बार केस डायरी गायब करने के आरोप में दारोगा व दो सिपाहियों का नाम सामने आया है। मामले में तीनों पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज हो गई है। यह कोई पहला केस नहीं है जब जिले के किसी मामले में पुलिस का नाम उछला …
अयोध्या। जिले में एक बार फिर से खाकी दागदार हो गई। इस बार केस डायरी गायब करने के आरोप में दारोगा व दो सिपाहियों का नाम सामने आया है। मामले में तीनों पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज हो गई है। यह कोई पहला केस नहीं है जब जिले के किसी मामले में पुलिस का नाम उछला है। इससे पहले भी कई पुलिसवाले डिपार्टमेंट की भद्द पिटा चुके हैं।
नगर कोतवाल सुरेश पांडे ने नगर कोतवाली में ही तत्कालीन दारोगा श्यामानंद राय, सिपाही अच्छेलाल व सिपाही शोभालाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। श्यामानंद राय, अच्छेलाल व शोभालाल पर धोखाधड़ी के एक मामले की केस डायरी गायब करने का आरोप लगा है। इन्होंने केस की विवेचना करने के बाद आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल नहीं किया था। पीड़ित ने जब न्याय की गुहार लगाई तो कोर्ट से पुनर्विवेचना का आदेश जारी हुआ था। आनन-फानन में जब पुलिसकर्मियों ने विवेचना करनी चाही तो केस डायरी गायब मिली।
इसके बाद एसएसपी शैलेंश पांडे ने मामले में जांच का आदेश दे दिया था। जांच कर रहे सीओ अयोध्या राजेश राय ने जब तीनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसएसपी शैलेंद्र पांडेय ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दे दिया। कोतवाल सुरेश पांडे ने कोतवाली में ही दारोगा श्यामानंद राय, सिपाही अच्छेलाल व सिपाही शोभालाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उपनिरीक्षक श्यामानंद राय इस समय देवरिया में तैनात हैं, जबकि सिपाही अच्छेलाल व शोभालाल यातायात पुलिस अयोध्या में ही ड्यूटी दे रहे हैं।
पहले भी उछला है पुलिसकर्मियों का नाम
अभी हाल ही में बैंककर्मी श्रद्धा गुप्ता सुसाइड मामले में भी दो पुलिसवालों का नाम उछला था। मृतका के सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम थे, जिसमें एक अयोध्या में तैनात रहे आईपीएस व एक अन्य पुलिसकर्मी का नाम लिखा था। हालांकि मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। उससे पहले जिले के ही चर्चित केस मां-मीडिया मामले में विवेचना अधिकारी रहे दारोगा की पैसों की मांग करते आॅडियो-वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने उसे निलम्बित कर दिया था। दारोगा शीतला प्रसाद कोतवाली नगर में ही तैनात थे।
