संभल : पति बुलाने पहुंचा तो विवाहिता ने मायके में दे दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/सौंधन, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र के गांव में पिता के घर रह रही विवाहिता ने पति के साथ जाने की अपेक्षा मौत को गले लगाना बेहतर समझा। पति जब उसे बुलाने पहुंचा तो ससुर ने भेजने से इनकार कर दिया। बाद में जब महिला का पिता उसे भेजने के लिए सहमत हुआ तो उसने …

संभल/सौंधन, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र के गांव में पिता के घर रह रही विवाहिता ने पति के साथ जाने की अपेक्षा मौत को गले लगाना बेहतर समझा। पति जब उसे बुलाने पहुंचा तो ससुर ने भेजने से इनकार कर दिया। बाद में जब महिला का पिता उसे भेजने के लिए सहमत हुआ तो उसने पेड़ से लटक कर जान दे दी। पता चलने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उसके पिता ने पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

नखासा थाना क्षेत्र के गांव ततारपुर संदल निवासी विजयपाल ने पुत्री प्रियंका का विवाह चार वर्ष पहले जनपद अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव खैलिया पट्टी निवासी रविंद्र पुत्र जयपाल के साथ किया था। इस बीच दंपति को दो संताने भी हुईं। एक बच्चे की एक वर्ष पहले ही किसी कारणवश मृत्यु हो गई थी। पिछले महीने महिला का पिता विजयपाल ससुराल से उसे अपने घर बुला लाया था।

तब से वह मायके में ही रह रही थी। रविवार को उसका पति रविंद्र उसे बुलाने के लिए ससुराल पहुंचा था। बताते हैं कि विजयपाल ने दामाद से पुत्री को भेजने से इनकार कर दिया था। पड़ोसियों ने बताया कि इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा भी हुआ था। उसके बाद रविंद्र अपने पुत्र को लेकर वहां से जाने लगा था। इतने में महिला के पिता ने प्रियंका को भी ले जाने के लिए कह दिया।

उसके बाद रविंद्र वहां से चला गया। विजय पाल के अनुसार उसने प्रियंका से भी ससुराल जाने के लिए कह दिया था। उसके बाद दोपहर लगभग दो बजे किसी ने आकर सूचना दी कि प्रियंका का शव गांव के ही खेत में शहतूत के पेड़ से लटका हुआ है। इस पर परिजनों के होश उड़ गए। वे आननफानन दौड़ कर वहां पहुंचे तो देखा कि शहतूत के पेड़ से दुपट्टे का फंदा बना कर उसने आत्महत्या कर ली थी।

यह देख परिवार के लोग बिलख उठे और वहां कोहराम मच गया। सूचना गांव में पहुंची तो गांववासियों की भीड़ वहां जुटने लगी। सूचना पर कुछ ही देर में थाना प्रभारी ओमकार सिंह तथा तहसीलदार दीपक चौधरी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिवार के लोगों से घटना के विषय में पूछताछ की।

पिता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका पति रविंद्र विवाह के बाद से ही दहेज की मांग करता था। इसके लिए वह उसे लगातार परेशान कर रहा था। तहरीर में पति रविंद्र के अलावा सास और देवर को भी नामजद किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार