सीतापुर: चार राउंड फायरिंग से क्षेत्र में फैली दहशत, बाइक सवारों ने वारदात को दिया अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार की दोपहर मामूली विवाद को लेकर बाइक सवार हमलावरों ने भाजपा के नगर उपाध्यक्ष और उनके भाई पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि इस फायरिंग में भाजपा नेता व उनके भाई बाल-बाल बच गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल …

सीतापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार की दोपहर मामूली विवाद को लेकर बाइक सवार हमलावरों ने भाजपा के नगर उपाध्यक्ष और उनके भाई पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि इस फायरिंग में भाजपा नेता व उनके भाई बाल-बाल बच गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के बिजवार निवासी भाजपा के नगर उपाध्यक्ष विजय जायसवाल ने बताया कि उनके मोहल्ले के ही रहने वाले कुछ दबंग मोहल्ले में ही जुआ खेल रहे थे। इस बीच उनके घर में काम करने वाले कारपेंटर भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद कारपेंटर व दबंगों के बीच विवाद हो गया। उस वक्त वह विवाद शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद दबंग अपने करीब 20-25 साथियों के साथ भाजपा नेता के घर पहुंचे और वहां गाली गलौज शुरू कर दिया।

भाजपा नेता के विरोध करने पर उस वक्त दबंग वहां से निकल गए, लेकिन जब भाजपा नेता अपनी कार से पड़ोस में ही स्थित अपने गोदाम पर पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार छह हमलावर पीछे से पहुंच गए और उन लोगों ने भाजपा नेता को निशाना बनाते हुए उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। भाजपा नेता के मुताबिक हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। हालांकि इस फायरिंग में भाजपा नेता और उनके भाई आकाश बाल-बाल बच गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइकों से भाग निकले। घटना के बाद भाजपा नेता ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। भाजपा नेता का कहना है कि उनके ऊपर उनके मोहल्ले के ही निवासी चांद व उसका भाई सलमान, हुसैनगंज निवासी टोरी और शोएब ने हमला किया है। भाजपा नेता के मुताबिक वह थाने में है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पहुंचे हैं। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद बताया जाएगा।

संबंधित समाचार