बरेली: सीधे कोटेदारों की दुकान तक पहुंचेगा खाद्यान, लागू हुई सिंगल स्टेज डिलीवरी
बरेली, अमृत विचार। खाद्यान माफिया पर लगाम कसने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में बुधवार को सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू हो गई। परसाखेड़ा स्थित एफसीआई गोदाम से जिले के आला अफसरान ने हरी झंडी दिखाकर खाद्यान से लदे ट्रकों को रवाना किया। बरेली मंडल प्रदेश का पहला ऐसा मंडल बन गया …
बरेली, अमृत विचार। खाद्यान माफिया पर लगाम कसने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में बुधवार को सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू हो गई। परसाखेड़ा स्थित एफसीआई गोदाम से जिले के आला अफसरान ने हरी झंडी दिखाकर खाद्यान से लदे ट्रकों को रवाना किया। बरेली मंडल प्रदेश का पहला ऐसा मंडल बन गया जहां खाद्यान सीधे एफसीआई गोदामों से कोटेदारों तक पहुंचेगा। कहा जा रहा है कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद अब कोटेदारों तक पूरा खाद्यान्न पहुंचेगा जिसका फायदा कार्ड धारकों को मिलेगा। बता दें कि वितरण से पहले 20 तारीख तक कोटेदारों की दुकानों तक खाद्यान पहुंचाने का काम किया जाएगा।
आरएफसी जोगिंदर सिंह ने बताया कि सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत भारतीय खाद्य निगम के डिपो से खाद्यान्न सीधे कोटेदारों तक पहुंचेगा। इससे पहले दो स्तरीय परिवहन हैण्डलिंग पुरानी व्यवस्था के तहत डिपो से गोदाम पर और फिर गोदाम से कोटेदारों को खाद्यान्न दिया जाता था।
इस नई व्यवस्था से खाद्यान्न माफियाओं की सक्रियता खत्म हो जायेगी। खाद्यान्न के भंडारण के लिए गोदामों पर बरेली मंडल में हर महीने लगभग दो करोड़ रूपये खर्च होता था, जिसकी बचत होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था में कोटेदारों को अगर कोई दिक्कत आएगी उसका तत्काल निस्तारण होगा।
इस दौरान कोटेदारों से भी अपील की गई कि पूरी पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण करें। नई व्यवस्था की शुरुआत करते हुए मंडलायुक्त आर रमेश कुमार, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, आरएफसी जोगिन्दर सिंह, उपायुक्त खाद्य राजन गोयल की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर खाद्यान के ट्रकों को रवाना किया गया। वहीं संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी राम मूर्ति वर्मा, जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती मौजूद रहे। राशन यूनियन के नेताओं में हरि सिंह गंगवार, अंशुल अग्रवाल, नरेश सागर, किशन लाल आदि ने नई व्यवस्था के लिए अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया।
पहले ही दिन नो एंट्री में घुसा खाद्यान लदा ट्रक
इस व्यवस्था के लागू होते ही परिणाम भी सामने आने लगे हैं। शुरूआत में जिसकी चिंता जताई गई उसका असर पहले ही दिन देखने को मिला। एफसीआई गोदाम से रवाना होने के बाद खाद्यान से लदे एक ट्रक को इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोक लिया गया। बताया जा रहा है कि चालक ट्रक को नो एंट्री में ले आया था।
अधिकारियों की दखल से ट्रक को निकालने की अनुमति दी गई। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जितने ट्रक हैं उनके नंबर ट्रैफिक पुलिस को बता दिए जाएंगे ताकि आगे से इस तरह की दिक्कत न आए।
