बरेली: राजनैतिक दबाव में दूसरे पक्ष को प्रशासन ने दी अनुमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव के मौके पर 18-19 नवंबर को बिशप मंडल इंटर कॉलेज में कार्यक्रम कराने को लेकर सेंट्रल गुरुपूरब कमेटी के दो अध्यक्षों ने अनुमति मांगी थी। पिछले 20 दिनों से जिला प्रशासन के पास मामला चल रहा था। दोनों पक्षों ने कमेटी के संबंध में अपने-अपने कागजात पेश किए …

बरेली, अमृत विचार। गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव के मौके पर 18-19 नवंबर को बिशप मंडल इंटर कॉलेज में कार्यक्रम कराने को लेकर सेंट्रल गुरुपूरब कमेटी के दो अध्यक्षों ने अनुमति मांगी थी। पिछले 20 दिनों से जिला प्रशासन के पास मामला चल रहा था। दोनों पक्षों ने कमेटी के संबंध में अपने-अपने कागजात पेश किए थे। नगर मजिस्ट्रेट की ओर से सीओ प्रथम और कोतवाली से रिपोर्ट मांगी गई। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने भी दोनों पक्षों को सुना।

बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय की ओर से कमेटी के अध्यक्ष परमजीत सिंघ ओबराय को कार्यक्रम कराने की अनुमति दे दी गई। जबकि सेंट्रल गुरुपूरब कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में हुए चुनाव में अध्यक्ष चुने गए मालिक सिंघ कालरा को कार्यक्रम कराने की अनुमति नहीं दी गई। इससे उनके पक्ष के लोगों में नाराजगी है।

मालिक सिंघ कालरा ने प्रशासनिक अफसरों पर राजनैतिक दबाव में आकर दूसरे पक्ष को अनुमति जारी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सालों से उनकी कमेटी कार्यक्रम कराती आ रही है। डीएम से वार्ता के दौरान आश्वासन मिला लेकिन बुधवार को उन्हें अनुमति नहीं दी गई। इसलिए उन्होंने गुरुवार को गुरुद्वारा श्री गुरू तेग बहादुर साहिब दूख निवारण संजयनगर में सभा बुलाई गई। उसमें जो निर्णय होगा उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

इधर, अनुमति जारी करने के संबंध में नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय का कहना है कि परमजीत सिंह ओबराय की ओर से कमेटी के संबंध में पुख्ता सबूत प्रस्तुत किए गए। सीओ प्रथम और पुलिस ने भी परमजीत सिंह के पक्ष में रिपोर्ट भेजी। इसलिए अनुमति जारी की गई है।

पुलिस ने नहीं भेजी मालिक सिंघ कालरा के आवेदन पर रिपोर्ट
नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय से दोनों अध्यक्षों के आवेदन पर सीओ प्रथम और कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई। इसमें पुलिस ने मालिक सिंघ कालरा के आवेदन पर रिपोर्ट नहीं भेजी। कोतवाली से न ही सीओ प्रथम के यहां से कोई रिपोर्ट नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची। ऐसा सूत्रों का कहना है। यहां तक जानकारी मिली कि फायर ब्रिगेड ने दोनों आवेदनों पर अपनी सहमति जताते हुए रिपोर्ट नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय भेजी थी।

विवाद सुलझाने के लिए कमेटियों एवं सिक्ख संगत की सभा आज
सेंट्रल गुरुपुरब कमेटी के वाद-विवाद को सुलझाने के लिए मौजूदा एवं भूतपूर्व कमेटियों को आपसी तालमेल एवं एकजुटता कायम करने के लिए समस्त कमेटियों एवं सिख संगत की गुरुद्वारा श्री गुरू तेग बहादुर साहिब दूख निवारण संजयनगर में सभा बुलाई गई है। बरेली की समस्त सिख संगत, बरेली की समस्त की सिख संस्थाओं के पदाधिकारियों को इसमें बुलाया गया है।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सभा होगी। सिंघ साहिब ज्ञानी मलकीत सिंह हेड ग्रन्थी श्री अकाल तखत साहिब अमृतसर की अगुवाई में ज्ञानी सुरजीत सिंघ हेड ग्रन्थी गुरुद्वारा बेर साहिब, सुल्तानपुर लोधी, मंगल सिंघ पंज पियारे श्री अकाल तखत साहिब अमृतसर, गुरविंदर सिंघ पंज पियारे तखत श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो जिला भटिंडा, अजीत सिंघ इंचार्ज धर्म प्रचार कमेटी अमृतसर साहिब की मौजूदगी में सभा होगी।

संबंधित समाचार