लखनऊ: अवैध निर्माण तोड़ने गयी एलडीए प्रवर्तन टीम पर बिल्डर के गुर्गों ने बोला हमला
लखनऊ। आईआईएम रोड के धैला स्थित प्रबंध नगर योजना में अवैध निर्माण तोड़ने गयी एलडीए की प्रवर्तन टीम पर बिल्डर के गुर्गों ने हमला बोल दिया। दहशत में जेसीबी चालक को हार्ट अटैक आ गया। टीम उसे मेडिकल कालेज ले गयी जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रवर्तन जोन चार की टीम गुरुवार …
लखनऊ। आईआईएम रोड के धैला स्थित प्रबंध नगर योजना में अवैध निर्माण तोड़ने गयी एलडीए की प्रवर्तन टीम पर बिल्डर के गुर्गों ने हमला बोल दिया। दहशत में जेसीबी चालक को हार्ट अटैक आ गया। टीम उसे मेडिकल कालेज ले गयी जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रवर्तन जोन चार की टीम गुरुवार को धैला में अभिषेक मित्तल द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करने गयी थी।
टीम में विहित प्राधिकारी एवं जोनल अधिकारी जोन 4 अरूण कुमार, एई एसएन प्रसाद, जेई ज्ञानेश्वर सिंह, संजय मिश्रा के साथ प्राधिकरण बल और जेसीबी चालक ताहिर भी था। अवैध निर्माण तोड़कर जैसे ही टीम निकलने लगी उसी बीच बिल्डर के गुर्गे भी वहां पहुंच गये। मौके पर क्षेत्रीय किसान भी पहुंच गए और टीम की उनसे नोकझोंक शुरू हो गयी। किसान जमीन का मुआवजा देने की मांग करने लगे।
इसी बीच बात बढ़ गयी और लोगों ने गुस्से में टीम पर हमला बोल दिया। मामला बिगड़ते देख अभियंता वहां से निकल गए लेकिन 200 मीटर दूर जेसीबी चालक को लोगों ने घेर लिया। दहशत में ड्राईवर ताहिर को हार्ट अटैक आ गया। टीम ने उसे मेडिकल कालेज पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवर्तन जोन के अभियंता ज्ञानेश्वर सिंह ने शाम को मड़ियांव थाने में अभिषेक मित्तल सहित अज्ञात लोगों के विरूद्ध तहरीर दी है।
हुसैनगंज के छितवापुर में अवैध निर्माण सील
हुसैनगंज के छितवापुर में एलडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण सील कर दिया। जोनल अधिकारी एवं विहित प्राधिकारी प्रवर्तन जोन छह कमल जीत सिंह ने बताया कि थाना-हुसैनगंज के अन्तर्गत राजू पाण्डेय व अन्य द्वारा भुईयन देवी मंदिर छितवापुर, स्टेशन रोड़ में 1200 वर्ग फीट भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराये बेसमेंट और भूतल पर अवैध तरीके से दुकानें बनायी गयी थीं। इसका प्राधिकरण में वाद संख्या 353/2021 योजित था। अवैध निर्माण को सील करने का आदेश पारित था। जिसे अवर अभियंता अजय महेन्द्रा व कुलदीप कुमार त्यागी ने प्राधिकरण व क्षेत्रीय पुलिस बल की सहायता से सील कर दिया।
