बरेली: जिले में डेंगू के आठ मरीज, दो संदिग्धों की मौत
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरूवार को जिले में 241 लोगों की जांच में आठ नए मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 241 लोगों की डेंगू की जांच में 40 लोगों का एनएस-1 कार्ड में डेंगू की पुष्टि हुई, जिसके बाद एलाइजा …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरूवार को जिले में 241 लोगों की जांच में आठ नए मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 241 लोगों की डेंगू की जांच में 40 लोगों का एनएस-1 कार्ड में डेंगू की पुष्टि हुई, जिसके बाद एलाइजा रीडर से जांच करने पर 8 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में डीबीसी व मलेरिया विभाग की टीम की ओर से 446 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई की है। बता दें कि अब तक जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 489 हो गई है, जिसमें से अब तक विभागीय आंकड़ों के अनुसार 8 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एनएस-1 कार्ड से होने वाली मौंतों को विभाग की ओर से डेंगू से मौत नहीं माना जाता। वहीं, मलेरिया के मामलों में लगातार गिरावट जारी है, गुरुवार को 556 लोगों की जांच में एक मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है।
फरीदपुर में दो संदिग्धों की मौत
फरीदपुर के मोहल्ला बकसरिया निवासी 70 वर्षीय वृद्धा की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार बीते दिनों उनको बुखार आया था, जिसके बाद बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार को दम तोड़ दिया। वहीं, मोहल्ला परा निवासी 50 वर्षीय युवक की बुखार के चलते मौत हो गई। हालांकि निजी अस्पताल की रिपोर्ट में दोनों ही मरीजों में एनएस-1 कार्ड में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
इनमें हुई डेंगू की पुष्टि
गुरुवार को निकले डेंगू के मरीजों में सुभाषनगर निवासी 45 वर्षीय महिला, संजय नगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी, फतेहगंज पश्चिमी के पढ़ेरा निवासी 17 वर्षीय किशोरी, भमौरा के हररामपुर निवासी 36 वर्षीय युवक, रामनगर गौटिया निवासी 29 वर्षीय युवक, खन्नू मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय महिला, भोजीपुरा निवासी 25 वर्षीय युवती, पुराना शहर निवासी 65 वर्षीय वृद्धा में डेंगू की पुष्टि हुई है।
