शाहजहांपुर: निर्वाचन कार्यालय में लगा दी सफाई कर्मी की ड्यूटी, महिला प्रधान लगा रही झाड़ू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार एक ओर महिलाओं को सुरक्षा और उनका हक दिलाने के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियान चला रही है। वहीं राजनीति में भागीदारी दिलाने के लिए विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ाकर उनके हाथ में गांव और जनपद से लेकर संसद तक में प्रतिनिधित्व दे रही है, लेकिन विकास खंड ददरौल क्षेत्र …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार एक ओर महिलाओं को सुरक्षा और उनका हक दिलाने के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियान चला रही है। वहीं राजनीति में भागीदारी दिलाने के लिए विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ाकर उनके हाथ में गांव और जनपद से लेकर संसद तक में प्रतिनिधित्व दे रही है, लेकिन विकास खंड ददरौल क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंदगोई की महिला प्रधान रिंकी देवी को अपना दायित्व निभाने के लिए झाड़ू लगानी और नालियां साफ करनी पड़ रही हैं। ग्राम प्रधान का झाड़ू लगाते नाली साफ करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद हर तरफ अपनी जनता के प्रति जवाबदेही की मिसाल बनाने वाली रिंकी देवी की चर्चाएं हो रही हैं।

विकास खंड ददरौल में करीब 150 सफाई कर्मी नियुक्त हैं। वैसे तो अधिकांश गांवों के सफाई कर्मी या तो ग्राम प्रधान की शह पर जाते ही नहीं हैं या फिर अपना संबद्धीकरण ब्लाक या जिला मुख्यालय पर करा रखा है। ग्राम प्रधान रिंकी देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत चंदगोई में पहले दो सफाई कर्मचारी और मजरा गांव दिबयापुर में एक सफाई कर्मचारी मुन्नालाल नियुक्त है। चंदगोई में करीब डेढ़ साल पहले सफाई कर्मी का तबादला कर दिया गया था।

इसके बाद से यहां सिर्फ एक सफाई कर्मी सर्वेश कुमार नियुक्त है। दो महीने पहले सर्वेश को जिला निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया, तबसे यहां कोई सफाई कर्मी न होने से गांव का बुरा हाल है। घरों का पानी रास्ते पर तक भरता है। इससे गांव में हर तरफ गंदगी बिखरी नजर आती है।

गांव में सफाई न होने की जानकारी ग्राम प्रधान ने उच्चाधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर ग्राम प्रधान के पति संजय वर्मा ने विधायक मानवेंद्र सिंह के सामने सफाई कर्मी का संबद्धीकरण खत्म कराने की बाबत कहा, लेकिन उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया। इस पर प्रधानपति ने अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार से गुहार लगाई, फिरभी कोई सुनवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर ग्राम प्रधान ने खुद ही गांव की सफाई करनी शुरू कर दी। ग्राम प्रधान का गांव की सफाई करते वीडियों वायरल हुआ तो हर ओर उनकी कर्तव्यनिष्ठा की चर्चा होने लगी।

विधायक बोले, जानकारी नहीं
भाजपा से ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह का कहना है कि ग्राम पंचायत चंदगोई में सफाई कर्मी न होने की जानकारी नहीं है। अब पता चला है तो इसे दिखवाएंगे और सफाई कर्मी की तैनाती करवाएंगे। फिलहाल गांवों में स्वच्छता को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार कटिबद्ध है। हमारा भी ऐसा ही प्रयास रहता है।

ग्राम पंचायत चंदगोई के सफाई कर्मचारी सर्वेश कुमार को दो महीने पर जिला निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया था। उसकी ड्यूटी ईवीएम पर लगाई गई है। मजरा गांव दिबयापुर में सफाई कर्मी है। अब जानकारी हुई है तो वहां के सफाई कर्मचारी मुन्नालाल को चंदगोई भेजकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। -अरविंद शर्मा, एडीओ पंचायत, ददरौल।

संबंधित समाचार