अयोध्या: परिक्रमार्थियों से भरी पिकअप पलटी, 12 घायल, लखनऊ रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में परिक्रमार्थियों से भरी पिकअप रुदौली क्षेत्र के भेलसर में अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मचते ही राहगीरों ने गाड़ी के नीचे दबे लोगों को निकाला। हादसे में 12 से भी ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को रुदौली सीएचसी पहुंचाया। …

अयोध्या। जिले में परिक्रमार्थियों से भरी पिकअप रुदौली क्षेत्र के भेलसर में अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मचते ही राहगीरों ने गाड़ी के नीचे दबे लोगों को निकाला। हादसे में 12 से भी ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को रुदौली सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

बता दें कि 14 कोसी परिक्रमा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के जैसे-तैसे घर पहुंचने की होड़ मच गई। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाइवे पर शनिवार को लगभग चार बजे एक तेज रफ्तार परिक्रमार्थियों से भरी पिकअप रुदौली क्षेत्र के भेलसर में तकिया गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें 12 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी परिक्रमार्थी बाराबंकी जनपद के थे। 14 कोसी परिक्रमा करने के बाद अपने गृह जनपद लौट रहे थे। भेलसर पुलिस चौकी प्रभारी सन्तोष कुमार उपाध्याय और उनकी टीम ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। गाड़ी में सवार विजय शुक्ला व सोनम यादव, राम मनोहर, अंबिका प्रसाद, राम प्रताप, अमित शुक्ला, राम नारायन, लालता प्रसाद, सुशीला पत्नी लालता प्रसाद, सुनील वर्मा, जिला बाराबंकी, प्रमोद कुमार बंसराज निवासी सुल्तानी पुरवा थाना दरियाबाद जनपद बाराबंकी घायल हो गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सुनील वर्मा को छोड़कर सभी गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

एक दिन पहले भी हुआ था हादसा, 11 हुए थे घायल

थाना कैंट के सहादतगंज के पास परिक्रमार्थियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बाराबंकी से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही महिंद्रा मैक्सिमो अनियंत्रित होकर पलट गई थी। गाड़ी में 28 श्रद्धालु सवार थे, जिसमें 11 लोग घायल हो गए थे। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया था।

संबंधित समाचार