संभल : दो पक्षों में पथराव व फायरिंग, ग्राम प्रधान समेत आधा दर्जन लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/कुढ़ फतेहगढ़, अमृत विचार। थाना कुढ़ फतेहगढ़ के गांव मल्हपुर भवानी में बाइक से टकरा कर बच्ची के घायल होने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से पहले पथराव हुआ फिर गोली भी चल गई। इस दौरान प्रधान सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर …

संभल/कुढ़ फतेहगढ़, अमृत विचार। थाना कुढ़ फतेहगढ़ के गांव मल्हपुर भवानी में बाइक से टकरा कर बच्ची के घायल होने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से पहले पथराव हुआ फिर गोली भी चल गई। इस दौरान प्रधान सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों की ओर से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शनिवार को गांव मल्हपुर भवानी निवासी खुशीराम पुत्र यादराम बाइक से शाहबाद जा रहे थे। घर से कुछ ही दूर निकले थे कि रास्ते में अचानक चार वर्षीय मोनिका पुत्री राजकुमार बाइक के सामने आ गई। उससे टकरा कर वह घायल हो गई। उसके रोने की आवाज सुनकर बच्ची के परिजन बाहर निकल आए। वे बाइक सवार से भिड़ गए। गाली-गलौज होने लगी।

इसी बीच ग्राम प्रधान का भतीजा विकास मौर्य पुत्र यशपाल पंप से डीजल लेकर लौटा। उसे मामले का पता चला तो वह भी बाइक सवार खुशीराम से भिड़ बैठा। दोनों में गाली गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से लोग जमा हो गए। दोनों ओर से पथराव होने लगा। इसके साथ ही फायरिंग भी शुरू हो गई। इस दौरान प्रधान अरविंद मौर्या व बच्ची मोनिका को छर्रे लग गए।

इनके अलावा सीताराम, प्रेमपाल, राजाराम, अशर्फीलाल, देवकीनंदन, प्रेमसिंह, यशपाल, चंद्रपाल, वीरेश व विकास भी घायल हो गए। इसके साथ ही बाइक सवार खुशीराम व पिंकी को भी चोटें आई हैं। इस दौरान किसी ने 112 नंबर पर कॉल कर दी। कुछ ही देर में पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं और दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले रखा है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है, जिसके आधार पर रिपोर्ट पंजीकृत कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार