बरेली: सीएम के आने की सुगबुगाहट के बीच तेज हुआ कैमरे लगाने का काम
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल सी) के काम में तेजी आयी है। चूंकि यह मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है और पूर्व में सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग करके मेयर व नगर आयुक्त दोनों से ही इस प्रोजेक्ट को …
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल सी) के काम में तेजी आयी है। चूंकि यह मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है और पूर्व में सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग करके मेयर व नगर आयुक्त दोनों से ही इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के खास तौर से निर्देश दिए हैं। इसलिए सरकारी मशीनरी का इस सिस्टम को लेकर पूरा फोकस है। अधिकारियों का दावा है कि यह काम करीब 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है।
स्मार्ट सिटी के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का ट्रायल काफी पहले ही हो चुका है। अब पूरे शहर में 145 चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 900 कैमरों को लगाकार निगरानी शुरू की जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 167 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आई ट्रिपल सी के शुरू होने से शहर में न सिर्फ आपराधिक घटनाएं ही कम नहीं होंगी बल्कि ट्रैफिक निमयों का भी आसानी से पालन कराया जा सकेगा।
नगर निगम की बनी नई बिल्डिंग के तीसरे माले पर एक हॉल में आई ट्रिपल सी के कंट्रोल रूम को बनाया गया है। आईट्रिपल सी के शुरू होने के बाद हर चौराहे को आसानी से कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जा सकेगा। यदि अब कोई भी व्यक्ति ट्रैफिक नियम तोड़ने की कोशिश करेगा तो ऑटोमैटिक चालान कटकर उसके घर चला जाएगा।
मंडल के कई जिलों में सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा हो चुका है। जल्द ही बरेली में भी उनके कार्यक्रम की सुगबुगाहट है। इसे देखते हुए अफसर अब इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने में जुटे हैं। शनिवार को ईंट पजाया से प्रेमनगर की ओर जाने वाली रोड पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम तेजी से होता दिखाई दिया।
