बरेली: वितरण से पहले कोटेदारों तक खाद्यान पहुंचाना बना चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। खाद्यान की कालाबाजारी रोकने के लिए 10 नवंबर से सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की गई है। प्रदेश में बरेली ऐसा पहला मंडल बना जहां यह व्यवस्था लागू की गई है। कोटेदारों तक खाद्यान समय से पहुंचाना पूर्ति विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। ठेकेदारों ने एफसीआई के …

बरेली, अमृत विचार। खाद्यान की कालाबाजारी रोकने के लिए 10 नवंबर से सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की गई है। प्रदेश में बरेली ऐसा पहला मंडल बना जहां यह व्यवस्था लागू की गई है। कोटेदारों तक खाद्यान समय से पहुंचाना पूर्ति विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। ठेकेदारों ने एफसीआई के गोदामों से माल का लदान शुरू कर दिया है लेकिन तमाम तरह की दिक्कतें अब भी सामने आ रही हैं। फिर चाहें कट्टा तौलकर लेना हो या फिर संकरी गलियों में मौजूद कोटेदारों की दुकानों तक माल पहुंचाना। स्थिति यह है कि ठेकेदार और कोटेदारों में टकराव तक की नौबत आ गई है।

आनन-फानन में बिना तैयारी के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान की सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी को शुरू तो कर दिया गया लेकिन अधिकारियों के लिए इसे धरातल पर उतारना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। बता दें कि जिले के 1799 राशन की दुकानों पर एफसीआई गोदामों से ट्रकों के जरिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली का करीब 1.5 लाख कुंतल खाद्यान पहुंचाना है। बड़ी समस्या यह है कि कोटेदार अपना खाद्यान तौलकर मांग रहे हैं। जिसको लेकर कोटेदार और ठेकेदार के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो रही है।

इसके अलावा कई कोटेदारों ने बताया कि ट्रक पर ठेकेदार अपनी लेबर भी लेकर नहीं चल रहे हैं। साथ ही राशन की दुकान के गोदाम से काफी दूर ट्रकों को खड़ा कर दिया जा रहा है। जिसके बाद वहां से खाद्यान लादने का किराया-भाड़ा देना पड़ता है। माल तौलकर देने की बात पर अधिकारियों का कहना है कि कट्टे के हिसाब से खाद्यान दिया जा रहा है। गोदाम पर जिसकी तौल कराई गई है। अगर फिर भी किसी कोटेदार को दिक्कत है तो वह धर्मकांटे से खाद्यान का वजन करा सकता है।

शुरुआत में जिस रफ्तार के साथ कोटेदारों तक ट्रकों को खाद्यान पहुंचाने का काम शुरू हुआ उससे लगा कि 20 नवंबर से पहले सभी कोटेदारों तक माल पहुंचना मुश्किल होगा। हालांकि शनिवार को एफसीआई के चारों गोदामों से करीब 51 ट्रकों को लोड कर रवाना किया गया।

समय से कोटेदारों तक खाद्यान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। नई व्यवस्था है इसलिए थोड़ी दिक्कतें जरूर आ रही हैं जिन्हे दूर किया जाएगा। उम्मीद है कि वितरण शुरू होने से पहले कोटेदारों तक उनका खाद्यान पहुंच जाए। -नीरज सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी

संबंधित समाचार