बरेली: निर्माण कार्यों में जनसुरक्षा भूले ठेकेदार, हो सकता है हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनवाए जा रहे मेजर रोड को लेकर तमाम खामियां सामने आ रही हैं। एक को कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य पूरा कराने में देरी कर रही हैं। साथ ही सुरक्षा मानकों को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। इस तरह की लापरवाही सामने आई तो निर्माण कार्य …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनवाए जा रहे मेजर रोड को लेकर तमाम खामियां सामने आ रही हैं। एक को कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य पूरा कराने में देरी कर रही हैं। साथ ही सुरक्षा मानकों को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। इस तरह की लापरवाही सामने आई तो निर्माण कार्य करा रहीं दो संस्थाओं पर जुर्माना लगा दिया गया था। इसके बाद सुरक्षा के नाम पर थोड़े बहुत काम कराए गए हैं और कुछ जगहों पर हरी जाली लगा दी गई है लेकिन सुरक्षा को लेकर इससे कोई खास राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है।

मेजर रोड के निर्माण के तहत पटेल चौक से चौकी चौराहे होते हुए और चौपुला से मालगोदाम होते हुए जंक्शन रोड तक, रामपुर बाग में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। करीब 65 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए बरेली और गाजियाबाद की दो फर्म को ठेके दिए गए हैं। इन निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर स्मार्ट सिटी का काम देख रहे अधिकारियों की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं लेकिन इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। रोड निर्माण के दौरान जब दुर्घटनाएं होती हैं तो ठेका लेने वाली दोनों संस्थाओं पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी ठोंका जा चुका है।

बावजूद सुरक्षा के नाम पर ठेकेदारों ने कुछ जगहों पर ग्रीन जाली लगाकर खानापूर्ति कर दी लेकिन तमाम खुली जगह सड़कें खुदी होने से वहां हादसे की संभावना से मना नहीं किया जा सकता। अभी कुछ दिन पहले सिविल लाइंस में हिंद टॉकिज के पास गड्ढा खुदा होने और उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम न होने से उनमें कार पलट चुकी है। इससे पहले भी टूटी व खुदी सड़कों पर हुए हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं।

ठेकेदारों पर बड़ी कार्रवाई न होने से भी अव्यवस्था
स्मार्ट सिटी सहित तमाम दूसरी परियोजनाओं के तहत शहर में सड़क व नालों के निर्माण हो रहे हैं। इससे तमाम जगहों पर खुदाई की गई है लेकिन उसके पास में सुरक्षात्मक कार्यों की काफी कमी दिखाई देती है। नियमानुसार, कार्यदायी संस्था को निर्माणाधीन जगहों पर दिन में गार्ड की तैनाती के साथ रात में वहां वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रेडियम फीते से उस हिस्से का कवर करना चाहिए, ताकि वाहनों की लाइट में चमक पड़ते ही ड्राइवर सतर्क हो सकें और दुर्घटना होने से बचा जा सकता है लेकिन ज्यादातर ठेकेदार सुरक्षा कार्यों के नाम पर पास होने वाली रकम को हजम कर जाते हैं। इसका उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई भी नहीं की जा रही है।

स्मार्ट सिटी के तहत सड़कों के निर्माण कार्यों को लेकर निगरानी बरती जा रही है। ठेकेदारों से सुरक्षात्मक कार्यों के प्रति गंभीर रहने को कहा गया है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। -बीके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार