बरेली: मामूली विवाद में चचेरे भाई ने दौड़ाकर मारी गोली
बरेली/ भोजीपुरा, अमृत विचार। मामूली कहासुनी को लेकर चचेरा भाई ही जान का दुश्मन बन गया। उसने दौड़ाकर दिनदहाड़े फायर झोंक दिया। एक बार निशाना चूकने पर पीछा कर उस पर दूसरी गोली चला दी। गोली उसकी जांघ पर लगी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को …
बरेली/ भोजीपुरा, अमृत विचार। मामूली कहासुनी को लेकर चचेरा भाई ही जान का दुश्मन बन गया। उसने दौड़ाकर दिनदहाड़े फायर झोंक दिया। एक बार निशाना चूकने पर पीछा कर उस पर दूसरी गोली चला दी। गोली उसकी जांघ पर लगी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को इज्जतनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार सुबह लगभग 10 बजे भोजीपुरा के कंचनपुर निवासी दिव्यांग रामपाल ने बीमारी की हालत में मकान के आंगन में शौच कर लिया था। रामपाल की पत्नी इस बात को लेकर पति से नाराज हो रही थी। इसी दौरान लक्ष्मी पुत्र रामपाल का चचेरा भाई शिवकुमार वहां आ पहुंचा और परिवार को गालियां देने लगा। विरोध पर उसने लक्ष्मी, उसकी मां और भाई अमित से गाली-गलौज मारपीट शुरू कर दी।
अमित जान बचाने को सड़क की तरफ भागा तो आरोपी शिवकुमार ने फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, फायरिंग के दौरान एक गोली पास में हाईवे के ओवर ब्रिज से टकरा गई और अमित उस समय बच गया मगर शिव कुमार ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और तमंचे से दूसरी गोली चला दी जो भागते समय अमित की जांघ में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा जिस जगह पर फायरिंग हुई वहां से पुलिस सहायता केंद्र पास में है। लोगों ने घायल को वहां पहुंचा दिया। सूचना पर भोजीपुरा इंस्पेक्टर अजय कुमार चाहर घटनास्थल पर पहुंचे और अमित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामूली विवाद में चाचा-ताऊ के बच्चों का विवाद हो गया। जिसके बाद एक पक्ष ने दूसरे के गोली मार दी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
—रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
