रामपुर : दूसरों को तो सिखाएंगे पर खुद नहीं करेंगे नियमों का पालन
रामपुर, अमृत विचार। जिले में नवंबर का महीना यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। वहीं खुद पुलिसकर्मी ही इन नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं। शहर में कचहरी गेट, बरेली गेट, मालगोदाम तिराहा आदि कई …
रामपुर, अमृत विचार। जिले में नवंबर का महीना यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। वहीं खुद पुलिसकर्मी ही इन नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं। शहर में कचहरी गेट, बरेली गेट, मालगोदाम तिराहा आदि कई जगहों पर पुलिसकर्मी बिना हेल्मेट के नजर आते हैं। जिन पर कार्रवाई करने वाला कोई नहीं है।

यातायात माह के तहत जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन ये नियम केवल जनता के लिए बनाए गए हैं। शहर भर में बहुत से पुलिसकर्मी खुद ही यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और वह दूसरों को नियम सिखाने का दावा करते हैं। कलेक्ट्रट परिसर के अंदर ही कई प्रशासनिक कार्यालय बने हुए हैं।

उन्हीं कार्यालयों के सामने से ही पुलिस विभाग के तमाम कर्मचारी स्वयं यातायात नियमों का उल्लंघन करते नजर आते हैं। होमगार्ड, सिपाही से लेकर दारोगा तक बिना हेलमेट और ट्रिपल सवारी के साथ आते-जाते हुए दिखाई देते हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या ये नियम केवल आम इंसान के लिए बनाए गए हैं। हेलमेट न होने पर आम इंसान का 500 रुपये का चालान कर दिया है। वहीं पुलिसकर्मी खुद को स्टॉफ बताकर निकल जाते हैं। क्या ऐसे ही ट्रैफिक नियमों का पालन कराया जाएगा।
