बरेली: एक ओर सड़क निर्माण, दूसरी तरफ तोड़ रहे सीवर लाइन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) इन दिनों राजेंद्रनगर में आदर्श रोड सहित कई सड़कों के निर्माण करा रहा है लेकिन इस काम के दौरान विभागों के बीच तालमेल न होने से सीवर लाइनों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सीवर लाइन के कई मेनहोल …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) इन दिनों राजेंद्रनगर में आदर्श रोड सहित कई सड़कों के निर्माण करा रहा है लेकिन इस काम के दौरान विभागों के बीच तालमेल न होने से सीवर लाइनों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सीवर लाइन के कई मेनहोल टूट गए हैं।

उसके अंदर मिट्टी व मलबा भरने से वे चोक हो रहे हैं। इसका खामियाजा वार्ड के निवासियों को ही झेलना पड़ रहा है। जनता की इस समस्या को देखते हुए स्थानीय पार्षद की ओर से बीडीए उपाध्यक्ष को लिखित शिकायत भेजकर निर्माण कार्यों के दौरान जनहित को नजरअंदाज कर कराए जा रहे कामों पर रोक लगाने की मांग की है।

बीडीए झूलेलाल द्वार से स्वयंवर बारात घर तक आदर्श सड़क का निर्माण कराने के साथ सौंदर्यीकरण का काम भी करा रहा है। बीडीए यह काम ठेका लेने वाली एक संस्था से करा रहा है। काफी हद तक काम पूरा भी हो गया है। इसके साथ ही राजेंद्रनगर सहित उसके आसपास के क्षेत्र में भी कई सड़कों के और काम हो रहे हैं।

इसमें स्वयंवर बरात घर से सिविल अस्पताल चौराहा, जो अब वीर शिवाजी छत्रपति चौक राजेंद्र नगर के नाम से जाना जाता है, वहां से होते हुए मानस अस्पताल तक तथा राम जानकी मंदिर जनकपुरी तक सड़कों का निर्माण शामिल है। दिक्कत यह है कि इन कामों को कराते समय मनमाने तरीके से खुदाई होने से सीवर लाइनों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जिसके कारण सीवर लाइनों के मेनहोल टूट रहे हैं और मलबा व मिट्टी सीवर लाइनों में भर रहा है।

इससे इस लाइन से जुड़े बड़ी संख्या में घरों के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बावजूद रोड बनाते हुए अब भी इसका कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने इस मामले को लेकर बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह को शिकायत भेजकर ठेकेदारों पर शिकंजा कसने का आग्रह किया है।

जलकल विभाग के साथ समन्वय न होने से नुकसान
सड़कों के निर्माण में सीवर लाइन को सुरक्षित रखने में जलकल विभाग के कर्मियों के साथ कोई सामंजस्य नहीं दिखाई दे रहा है। पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना का कहना है कि सीवर की समस्या से जूझ रहे लोगों के हर दिन उनके पास फोन आ रहे हैं। जबकि उन्होंने ठेकेदार की मदद के लिए नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक राजेश कुमार यादव, जेई अजीत सिंह आदि को मौके पर बुलाकर भी वार्ता करा दी थी। बावजूद स्थिति खराब बनी हुई है। पार्षद ने बीडीए उपाध्यक्ष से मौके पर निरीक्षण कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

संबंधित समाचार