मुरादाबाद : महिला के गले से चेन लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की पॉश कालोनियों में शुमार बुद्धिविहार में चेन स्नेचरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कब, कहां, किसके साथ लूट की घटना हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। सुबह और शाम के समय महिलाओं का घरों से निकलना दूभर हो गया है। बाइकर्स गैंग ने दिनदहाड़े रिटायर बिजली कर्मी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की पॉश कालोनियों में शुमार बुद्धिविहार में चेन स्नेचरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कब, कहां, किसके साथ लूट की घटना हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। सुबह और शाम के समय महिलाओं का घरों से निकलना दूभर हो गया है। बाइकर्स गैंग ने दिनदहाड़े रिटायर बिजली कर्मी की पत्नी को शिकार बना डाला। बदमाश उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पड़िता से पूछताछ की। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी चेक की। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया तथा एएसपी सागर जैन ने भी मौका मुआयना किया।
बाइक सवार चेन स्नेचर गिरोह का शिकार हुईं भूरी देवी मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर चार की निवासी हैं। उनके पति छत्रपाल सिंह बिजली विभाग से सेवानिवृत हैं। वह दोपहर करीब पौने दो बजे घर के पास स्थित दुकान से सामान लेने गईं। उनके साथ मोहल्ले की एक अन्य महिला भी थी। दोनों महिलाएं सामान लेकर घर लौट रही थीं। घर से चंद कदमों की दूरी पर प्लेटिना बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर भूरी देवी के गले से सोने की चेन लूट ली। इसके बाद बदमाश एलआईसी आफिस की तरफ फरार हो गए। एक बदमाश ने मास्क लगा रखा था। उन्होंने पहले बाइक महिलाओं से आगे निकाल दी थी।
कुछ दूर जाकर वापस लौटे और घटना को अंजाम दे दिया। भूरी देवी ने तत्काल शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कुछ दूर तक बाइक सवारों का पीछा भी किया, मगर लुटेरे गलियों से होते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े चेन लूट की घटना की सूचना पाकर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया मौके पर पहुंचे। पीड़ित भूरी देवी से घटना के बाबत जानकारी की। उन्होंने मौजूदगी में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कराई और मातहतों को घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने का आदेश दिया।
