बरेली: सिपाही ने बाइक से मजदूर को मारी टक्कर, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विवाह समारोह में काम करके लौट रहे कारीगर को तेज रफ्तार पुलिसकर्मी ने बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में कारीगर की मौत हो गई। कारीगर की तलाश में पूछताछ के लिए थाने पहुंचे परिजनों को जब मौत का पता चला तो कोहराम मच गया। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक …

बरेली, अमृत विचार। विवाह समारोह में काम करके लौट रहे कारीगर को तेज रफ्तार पुलिसकर्मी ने बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में कारीगर की मौत हो गई। कारीगर की तलाश में पूछताछ के लिए थाने पहुंचे परिजनों को जब मौत का पता चला तो कोहराम मच गया। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

फर्नीचर मंडी, बारादरी निवासी सुनील कुमार (48) विवाह समारोह आदि में कॉफी मशीन चलाने का काम करते था। गुरुवार को भी वह बदायूं रोड स्थित मैरिज हॉल से सहालग का काम करके साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में स्थित एक निजी अस्पताल के पास मोड़ पर पास के थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी रामगंगा मेले से ड्यूटी करके तेज रफ्तार में वापस जा रहा था।

इसी दौरान सिपाही की बाइक ने सुनील कुमार की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस घायल को पास में ही स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई। शव की शिनाख्त न होने के चलते पुलिस ने अज्ञात में शव को शवगृह भिजवा दिया। वहीं देर रात तक सुनील के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनके काम की जगह व उनके ठेकेदार से भी पता किया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। जब परिजन गुमशुदगी की शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने पहुंचे तब सुनील कुमार की मौत का पता चला।

मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद शुक्रवार की देर शाम शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। सुनील कुमार की मौत के बाद पत्नी पुष्पा देवी और बेटे सुमित, अभिषेक और बेटी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुभाषनगर इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

संबंधित समाचार