अयोध्या: बूंदाबांदी के साथ अचानक बढ़ी ठंड, दो दिन तक बादल छाए रहने की संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में शनिवार को छिटपुट बूंदाबांदी के साथ दिन भर बादल छाए रहे। दिन में कई बार थोड़ी-थोड़ी देर पर सूर्यदेव दर्शन देने आए, लेकिन बादल बार-बार उन्हें अपनी आगोश में ले लेता था, जिससे ठंड में इजाफा हुआ और लोग सिकुड़े-सिकुड़े नजर आए। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिन भी …

अयोध्या। जिले में शनिवार को छिटपुट बूंदाबांदी के साथ दिन भर बादल छाए रहे। दिन में कई बार थोड़ी-थोड़ी देर पर सूर्यदेव दर्शन देने आए, लेकिन बादल बार-बार उन्हें अपनी आगोश में ले लेता था, जिससे ठंड में इजाफा हुआ और लोग सिकुड़े-सिकुड़े नजर आए। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिन भी बादल छाए रहेंगे और सोमवार से ठंड में इजाफा होना शुरू हो जाएगा।

गुरुवार से ही मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया था। नतीजतन बाद के दोनों दिन बादल छाए रहे। शनिवार को सुबह से छिटपुट बूंदाबांदी होती रही, हालांकि रुक-रुक कर हुई बारिश ने उतना प्रभावित नहीं किया। मौसम विभाग भी 2.5 मिमी तक की बारिश को बरसात नहीं मानता है, लेकिन हल्की ठंडी-ठंडी हवाओं ने मौसम में नमी ला दी है। दिन में भी लोग गर्म कपड़े पहने दिखे। बीच-बीच में धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस जरूर ली, लेकिन बादल आते ही ठंडक का अहसास करा रहे थे।

न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। हवा 11 किमी की रफ्तार से चली और आद्रता 59 प्रतिशत आंकी गई। इसी बीच गर्म कपड़ों की खरीदारी भी बढ़ गई है। लोग वीकेंड पर कपड़ों की दुकानों में मोल-भाव करते नजर आए। कपड़ा कारोबारी दिनेश अग्रवााल ने बताया कि ऊनी कपड़ों के कारोबार ने जोर पकड़ लिया है। स्वेट शर्ट और हुड की मांग बढ़ी है। वहीं इलेक्ट्रानिक मार्केट में गीजर, रूम हीटर व ब्लोवर की खरीदारी ने जोर पकड़ लिया है।

अगले छह दिनों तक का संभावित तापमान डिग्री सेल्सियस में
दिन          अधिकतम         न्यूनतम
रविवार         29                  16
सोमवार        28                  13
मंगलवार       27                 12
बुधवार         26                  12
गुरुवार         26                  13
शुक्रवार        27                  13

पहाड़ों पर पड़ने वाली तेज बर्फबारी की वजह से मौसम में काफी बदलाव आया है। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर व बाराबंकी तरफ बारिश के आसार हैं, लेकिन जिले में संभावना नहीं है। हालांकि दो दिन बादल छाए रहेंगे। सोमवार से ठंड में और इजाफा हो जाएगा
सीताराम, मौसम वैज्ञानिक, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय

यह भी पढ़े:-अयोध्या: घर में सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या, परिजनों में कोहराम

संबंधित समाचार