MLC रमा निरंजन ने बोला सपा पर हमला, कहा-उचित सम्मान न मिलने से बीजेपी में हुई शामिल
झांसी। हाल ही में उत्तर प्रदेश के झांसी में सपा का साथ छोड़ भाजपा में शामिल हुई विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रमा निरंजन ने कहा कि काम के बाद भी समाजवादी पार्टी में उचित सम्मान न मिलने से पहुंचे दुख और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का हाथ थामा है। यहां …
झांसी। हाल ही में उत्तर प्रदेश के झांसी में सपा का साथ छोड़ भाजपा में शामिल हुई विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रमा निरंजन ने कहा कि काम के बाद भी समाजवादी पार्टी में उचित सम्मान न मिलने से पहुंचे दुख और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का हाथ थामा है। यहां भाजपा कार्यालय में पार्टी बदलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए निरंजन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मेरी आस्था प्रभु श्रीराम पर है। वह पिछले 16 वर्षों से हर सप्ताह ओरछा धाम स्थित श्रीरामराजा के दरबार में जाकर माथा टेकती हैं।
उन्हीं से प्रेरणा मिली कि आपका अस्तित्व भाजपा में ही सुरक्षित है। इसपर उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़ी और भाजपा में शामिल हुई। भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर बनवा रही है और यहीं हमारी आस्था थी। प्रदेश में योगी और केंद्र की मोदी सरकार गरीबों के लिए अनेक योजना चलाकर लोगों को लाभान्वित कर रही है। वहीं उनके पति और एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने कहा कि वह कई दिनों से भाजपा और सपा की नीतियों में तुलना कर रहे थे। जब उन्होंने देखा कि भाजपा में ही हर वर्ग व व्यक्ति का अस्तित्व सुरक्षित है तो उन्होंने भाजपा का दामन थामा।
पढ़ें: बाराबंकी: सपा कार्यकर्ताओं की लापरवाही से लगा जाम, घंटों फंसी रही एंबुलेंस
सपा छोड़ने का एक दूसरा कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दिसंबर माह में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी आए और सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। उस दौरान उनका स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उनकी पत्नी एमएलसी रमा निरंजन अखिलेश यादव से मिलने पहुंची। वहां उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और कार्ड आदि दिखाने पर ही उनकी मुलाकात हो सकी।
तब उनकी पत्नी ने राजनीति छोड़ने का मन बना लिया। उन्होंने कहा कि जब अपने नेता से मिलने के लिए इतना इंतजार करना पड़ रहा है तो पार्टी में रहने का क्या मतलब ? निरंजन ने कहा कि सपा में सम्मान धीरे-धीरे गिरता जा रहा है। मोदी व योगी जो कार्य कर रहे हैं वह कोई नहीं कर सकता। यहीं नहीं भाजपा सरकार में सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ लोगों को मिल रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा आदि मंच पर उपस्थित रहे।
