बरेली: छोटे समेत छह स्मैक तस्करों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
बरेली, अमृत विचार। पूर्व प्रधान छोटे की 50 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के बाद उसके खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया गया। उसके साथ उससे जुड़े छह अन्य स्मैक तस्करों के खिलाफ फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी। अब पुलिस बाकी के 9-10 अन्य स्मैक तस्करों के खिलाफ भी चार्जशीट …
बरेली, अमृत विचार। पूर्व प्रधान छोटे की 50 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के बाद उसके खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया गया। उसके साथ उससे जुड़े छह अन्य स्मैक तस्करों के खिलाफ फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी। अब पुलिस बाकी के 9-10 अन्य स्मैक तस्करों के खिलाफ भी चार्जशीट लगाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, नकटिया के साथ फतेहगंज पश्चिमी के टॉप तस्करों की संपत्तियों का पता लगाने के बाद उसको सफेमा के तहत फ्रीज किया जाएगा।
फतेहगंज पूर्वी के पढ़ेरा गांव के पूर्व प्रधान शाहिद उर्फ छोटे को पुलिस ने गश्त के दौरान अगस्त में उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार किया था। पुलिस को उसके पास से 20 किलो स्मैक मिली थी। पुलिस ने जांच की तो छोटे के साथ कई और लोगों के नाम भी सामने आए थे। उन्होंने भी पूर्व प्रधान के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटा ली है।
इसके बाद पुलिस ने फरीदपुर के इस्लाम की संपत्ति पर बुलडोजर चलवा दिया। शनिवार को सफेमा के तहत पुलिस ने प्रधान की 50 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज करा दिया। अब पुलिस ने प्रधान और उसके छह साथियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर उसे दाखिल कर दिया। इसके साथ ही अब बाकी तस्करों के खिलाफ भी चार्जशीट लगाने की तैयारी की जा रही है।
छोटे के पास अब बची बाइक और मकान
50 करोड़ की संपत्ति के मालिक छोटे प्रधान पर कभी लग्जरी कारें थीं। सफेमा की कार्रवाई के बाद उसके पास एक बाइक, गांव में एक मकान, 12 लाख रुपये और गांव में ही कुछ बीघा जमीन बची है।
आरोपी तस्कर छोटे प्रधान के साथ-साथ छह अन्य तस्करों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर दाखिल कर दी गई है। जल्द ही बाकियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
