बरेली: बुजुर्ग दंपति की संपत्ति पर दबंगों की नजर, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। बुजुर्ग दंपति की संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से कुछ दबंग उन्हें परेशान कर रहे हैं। उनके घर के बाहर कार खड़ी कर देते हैं और हटाने की बात पर विवाद करते हैं। दबंग उन्हें अपनी संपत्ति बेचकर कहीं और जाने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर …
बरेली, अमृत विचार। बुजुर्ग दंपति की संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से कुछ दबंग उन्हें परेशान कर रहे हैं। उनके घर के बाहर कार खड़ी कर देते हैं और हटाने की बात पर विवाद करते हैं। दबंग उन्हें अपनी संपत्ति बेचकर कहीं और जाने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रेमनगर के कानूनगोयान स्थित भूड निवासी अनिल अग्रवाल की पत्नी मंजरी अग्रवाल ने बताया कि वे 50 साल से अपने पैतृक मकान में रहते हैं। उनके मकान के आसपास रहने वाले शेखर समेत कुछ और लोग उन पर दबाव बना रहे हैं कि वह मकान बेचकर वहां से चले जाएं। मना करने के बाद अब अलग तरीके से परेशान कर रहे हैं।
आरोपी उनके गैराज के सामने कार खड़ी कर देते हैं, हटाने की बात पर विवाद करते हैं। आरोप है कि 16 नवंबर की सुबह जब उनके पति ऑफिस जाने के लिए निकले तो गेट के सामने एक कार खड़ी थी। कार हटाने की बात पर वे लोग झगड़ा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तब उनके बीच में समझौता करा दिया था।
उनके पति जब शाम को वापस आए तो फिर से उनके गैराज के सामने कार खड़ी मिली। कार मालिक विकास गुप्ता से जब कार हटाने को कहा तो विकास उन पर कार की हवा निकालने का आरोप लगाने लगे और उन पर हमलावर हो गए। उसी समय वहां पर शेखर और विकास का दोस्त अमित सिंह भी आ गए। वह लोग कार में स्केच लगने की बात कहते हुए उनकी शिकायत करने की बात कहने लगे और उनके साथ धक्का-मुक्की भी की।
फिर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के नाम पर उनसे एक लाख रुपये भी ऐठ लिए। आरोप है कि दबंग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं और घर में घुस आते हैं। पीड़ित महिला की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने शेखर, विकास गुप्ता और अमित सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
