बरेली: तमंचे के बल पर बदायूं के मिर्च व्यापारी से लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मिर्च से भरी पिकअप सब्जी मंडी ले जाते समय बदायूं के व्यापारी को ऑटो रिक्शा चालक और उसके साथियों ने सरेराह लूट लिया। शोर मचाने पर पहुंचे राहगीरों और कुछ स्थानीय लोगों को देखकर लुटेरे जानलेवा हमला करते हुए फरार हो गए। व्यापारी की शिकायत को सुभाषनगर पुलिस ने अनदेखा कर दिया। …

बरेली, अमृत विचार। मिर्च से भरी पिकअप सब्जी मंडी ले जाते समय बदायूं के व्यापारी को ऑटो रिक्शा चालक और उसके साथियों ने सरेराह लूट लिया। शोर मचाने पर पहुंचे राहगीरों और कुछ स्थानीय लोगों को देखकर लुटेरे जानलेवा हमला करते हुए फरार हो गए। व्यापारी की शिकायत को सुभाषनगर पुलिस ने अनदेखा कर दिया। वहीं पीड़ित द्वारा एसएसपी से शिकायत करने के बाद पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट दर्ज की।

बदायूं के पिपरिया स्थित सैदपुर निवासी शिवदयाल मिर्च के व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को वह गांव से पिकअप में मिर्च लेकर डेलापीर मंडी आने के लिए रवाना हुए थे। बताया कि जब वह बरेली-बदायूं मार्ग स्थित महेशपुरा रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तो शाम करीब 6:30 बजे एक ऑटो रिक्शा चालक ने अपना ऑटो पिकअप के सामने लगाते हुए रास्ता रोक दिया। व्यापारी के ड्राइवर ने ऑटो रिक्शा हटाने के लिए हार्न दिया लेकिन कुछ देर तक न तो चालक उतरा और न ही रिक्शा हटाया।

बताया कि कुछ देर में ऑटो से चार बदमाश उतरकर पिकअप के पास पहुंचे और ड्राइवर पर तमंचा तान दिया। खतरा देख मिर्च व्यापारी ने भागने की कोशिश की लेकिन लुटेरों ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल होने की वजह से वह भाग भी नहीं पाए। इसी दौरान लुटेरों ने उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। बचाव के लिए व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद कुछ लोग घटना स्थल की ओर भागे, साथ ही कुछ राहगीर भी मौके पर रुक गए। भीड़ देखते हुए बदमाश व्यापारी को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मिर्च व्यापारी के मुताबिक अगर लोग एकत्र न होते तो लुटेरे माल से भरी गाड़ी भी लूट ले जाते। एसएसपी के आदेश पर सुभाषगर पुलिस ने अज्ञात ऑटो रिक्शा चालक व अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं सुभाषनगर इंस्पेक्टर नरेश कुमार कश्यप ने मामले की जांच की जाने की बात कही है।

संबंधित समाचार