मुरादाबाद : महीने के आखिरी दिनों में बिना टीकाकरण भी मिल सकेगा राशन
मुरादाबाद, अमृत विचार। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सरकारी कोटेदार के दुकानों से बिना कोविड टीकाकरण का प्रमाण पत्र दिए राशन वितरण पर लगी रोक पर इस महीने के आखिरी दो तीन दिन राहत मिलने की उम्मीद है। इसके लिए आदेश जारी किया जाएगा। कोविड टीकाकरण में जिले की प्रगति काफी फिसड्डी होने पर जिलाधिकारी ने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सरकारी कोटेदार के दुकानों से बिना कोविड टीकाकरण का प्रमाण पत्र दिए राशन वितरण पर लगी रोक पर इस महीने के आखिरी दो तीन दिन राहत मिलने की उम्मीद है। इसके लिए आदेश जारी किया जाएगा।
कोविड टीकाकरण में जिले की प्रगति काफी फिसड्डी होने पर जिलाधिकारी ने टीकाकरण न कराने वाले राशनकार्ड धारकों को राशन पर रोक लगा दिया था। इसका पालन करते हुए जिलापूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों को कार्डधारकों और उनके परिवार के अठारह वर्ष से ऊपर आयु वर्ग वालों का कम से कम प्रथम डोज का टीकाकरण का प्रमाणपत्र लेने के बाद राशन देने का आदेश जारी कर दिया।
इसके बाद सोमवार से टीकाकरण के लिए बूथों पर भीड़ जुटने लगी। चार दिनों में एक लाख से अधिक डोज का टीकाकरण होने से टीकाकरण का प्रतिशत पांच फीसदी बढ़कर गुरुवार शाम तक प्रथम डोज का टीकाकरण 69 फीसदी पर पहुंच गया। वहीं कुछ संगठनों और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और जिलापूर्ति अधिकारी से मिलकर राशनकार्ड धारकों को इस आदेश से राशन मिलने में परेशानी बताकर छूट देने की मांग की। जिस पर प्रशासन विचार कर रहा है।
जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी से बात की जा रही है। उनका निर्देश मिलने पर नवंबर के आखिरी दो या तीन दिन ढील दी जा सकती है। लेकिन यदि राशनकार्ड धारकों और उनके परिवार के अठारह वर्ष से ऊपर के सदस्यों ने टीकाकरण कराने का प्रमाणपत्र नहीं जमा किया तो दिसंबर में पांच तारीख से प्रथम चरण के वितरण पर फिर बिना कोविड टीकाकरण वालों का राशन वितरण रोक दिया जाएगा। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम है, इसमें सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
