अयोध्या: अमानीगंज में 14 किमी की सड़क पर 10 हजार गड्ढे, जानें
अयोध्या। अयोध्या जिला मुख्यालय से अमानीगंज की ओर जाने का प्लान बना रहे हैं तो जरा ठहर जाइये। क्योंकि एक भी मार्ग ऐसा नहीं है, जिससे होकर आसानी से अमानीगंज जाया जा सके। हर संपर्क मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जहां से वाहनों का गुजरना तो दूर की बात है पैदल गुजर गए …
अयोध्या। अयोध्या जिला मुख्यालय से अमानीगंज की ओर जाने का प्लान बना रहे हैं तो जरा ठहर जाइये। क्योंकि एक भी मार्ग ऐसा नहीं है, जिससे होकर आसानी से अमानीगंज जाया जा सके। हर संपर्क मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जहां से वाहनों का गुजरना तो दूर की बात है पैदल गुजर गए तो कमर टेढ़ी हो जाएगी।
लखनऊ हाईवे स्थित सत्तीचौरा पुलिस चौकी के बगल से अमानीगंज जाने वाले मार्ग की तो पूछिये मत, यहां10 किलोमीटर के रास्ते में कम से कम 10 हजार गड्ढे हो गए हैं। अमानीगंज ब्लॉक होने के नाते वहां अयोध्या शहर से जाने वाले लोगों की संख्या कम नहीं है। ब्लॉक में इंटर कालेज के अलावा कई बीएड व बीटीसी के कॉलेज भी हैं।
ब्लॉक में काम करने वाले कर्मचारी व विद्यालयो में जाने वाले छात्र-छात्राएं या फिर प्रतिदिन शहर आने वाले नौकरी पेशा के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। चूंकि रायबरेली रोड को चौड़ी करने का भी काम शुरू हो गया है। इसलिए ये रास्ता भी अब आने-जाने लायक नहीं रहा। बात करें अयोध्या-लखनऊ हाईवे स्थित सत्तीचौरा पुलिस चौकी के बगल से जाने की तो वह रास्ता आज साल भर से खराब पड़ा है।
पढ़ें: जौनपुर: पुलिस चौकी में घुसी तेज रफ्तार ट्रक, एक की मौत
अमानीगंज, ऐहार, मीशा-गौहन्ना संपर्क मार्ग 14.7 किलोमीटर का है, लेकिन इस रोड पर लगभग 10 हजार गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग से गुजरना ठीक वैसा ही है जैसे मौत के कुएं में वाहन सवार खेल करते हैं। थोड़ा और आगे बढ़कर अगर भेलसर से जाने की सोचेंगे तो वहां कई वर्षों से चल रहा ओवरब्रिज का काम आपको रोक देगा। दो पहिया व चार पहिया वाहन सवार वहां से गुजर ही नहीं सकते।
एक मार्ग और है, वो है रूदौली की नवीन सब्जी मंडी के आगे व रौजा गांव के पास से। जहां से जाने का मतलब है कि बढ़ती महंगाई में पेट्रोल व डीजल की बर्बादी और जाम में फसना। कुल मिलाकर लब्बोलुआब यही निकलता है कि अमानीगंज जाने का कोई भी रास्ता सुदृढ़ नहीं है।
एक विकल्प, लेकिन सूरत उसकी भी बिगड़ती जा रही
रौनाही के पास ड्योढ़ी से भी अमानीगंज जाने का रास्ता है, लेकिन उस मार्ग पर भी बहुत रोड़े हैं। सारे मार्गों की हालत खस्ता होने के बाद अमूमन इसी मार्ग से रामनगर होते हुए लोग अमानीगंज पहुंचते हैं।
समाजसेवी राजन पांडेय को मिला है टेंडर, वो काम नहीं करा रहे : विधायक
बता दें कि रूदौली विधानसभा के विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि सत्तीचौरा पुलिस चौकी के बगल से गई रोड अमानीगंज, ऐहार, मीशा-गौहन्ना संपर्क मार्ग 14.7 किलोमीटर की रोड है। जिले के समाजसेवी राजन पांडेय को उस रोड का टेंडर मिला है। एक साल हो गए हैं। रोड पर गिट्टी फेंकवाकर घर पर आराम फरमा रहे हैं। पीडब्लूडी के अधिकारी भी उन पर मेहरबान हैं, इसलिए वो काम नहीं करवा रहे हैं। वहीं इस मामले में जब राजन पांडेय को फोन किया तो नम्बर बन्द आ रहा था।
