बरेली: जंक्शन पर दो साल से खराब हो रहीं स्टील की बेंचें
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की पूर्वी दिशा में लाखों रुपये से बनीं करीब 50 स्टील की बेंचें दो साल से खुले में पड़ी हैं। जबकि जंक्शन के कई प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बैठने की ठीक व्यवस्था तक नहीं है। बावजूद, इनका उपयोग नहीं किया जा रहा। शुक्रवार को एडीआरएम मान …
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की पूर्वी दिशा में लाखों रुपये से बनीं करीब 50 स्टील की बेंचें दो साल से खुले में पड़ी हैं। जबकि जंक्शन के कई प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बैठने की ठीक व्यवस्था तक नहीं है। बावजूद, इनका उपयोग नहीं किया जा रहा। शुक्रवार को एडीआरएम मान सिंह मीणा ने जंक्शन के निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर पड़ीं इन बेंचों के बारे में पूछा तो अधिकारी बगले झांकने लगे। कोई भी बेंचों के बारे में जानकारी नहीं दे पाया।
इस पर एडीआरएम ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारी से फंड जारी कराकर इन बेंचों को स्टेशन पर लगाने के निर्देश दिए ताकि यह यात्रियों के काम आ सकें। हालांकि, कहा यह जा रहा है कि एक निजी एजेंसी ने इन बेंचों को स्टेशन पर लाकर डाल दिया था लेकिन इंजीनियरिंग विभाग और एजेंसी के बीच कुर्सियां लगाने को लेकर विवाद चल रहा है।
उधर, स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि बेंचें स्टेशन पर लगाने के लिए इंजीनियरिंग के अधिकारियों से कहा जाता है तो वह फंड नहीं होने की बात कहते हैं। दरअसल, 2019 में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली जंक्शन का निरीक्षण किया था। उस दौरान बरेली जंक्शन पर यात्रियों से जुड़ी तमाम सुविधाओं के सुधार के लिए निर्देश दिए गए थे जिसमें सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रेन कोच डिस्प्ले बोर्ड लगने थे। ट्रेन सूचना से जुड़े सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट बिल्डिंग में डिस्प्ले बोर्ड लगाने थे।
इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल-टेलीकॉम विभाग ने कोच डिस्प्ले बोर्ड और ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड तो लगाने का काम पूरा कर दिया लेकिन स्टील की बेंच का लगाने काम आज तक अधूरा पड़ा है। एक बेंच की कीमत 10 से 12 हजार रुपये बताई जा रही है।
