बरेली: अवैध कब्जा हटाने गई बीडीए टीम को डराया, फायरिंग कर खौफ बनाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डोहरा रोड स्थित रामगंगानगर परियोजना की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई बीडीए की टीम को डराने के लिए भूमाफिया ने हवाई फायरिंग कर दी। हथियारों से लैस भूमाफिया ने टीम को धमकाना शुरू कर दिया। टीम की सूचना पर प्रवर्तन दल के साथ भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। जिसके बाद …

बरेली, अमृत विचार। डोहरा रोड स्थित रामगंगानगर परियोजना की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई बीडीए की टीम को डराने के लिए भूमाफिया ने हवाई फायरिंग कर दी। हथियारों से लैस भूमाफिया ने टीम को धमकाना शुरू कर दिया। टीम की सूचना पर प्रवर्तन दल के साथ भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। जिसके बाद माफिया और उसके साथियों को टीम ने खदेड़कर करीब 68 हजार वर्ग मीटर जमीन बीडीए ने कब्जा मुक्त कराई जिसकी कीमत करीब 75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

वर्ष 2004 से सेक्टर एक में साबरमती आवासीय कॉलोनी के लिए अर्जित की प्राधिकरण की जमीन को प्राधिकरण कब्जा मुक्त नहीं करा पा रहा था। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस जमीन पर भू माफिया अवैध कब्जा कर प्लाटिंग कर रहे थे। 2 हजार वर्ग मीटर पर प्लाटिंग कर उसे बेच दिया था। जबकि 68 हजार वर्ग मीटर जमीन पर पूरी तरह से कब्जा था। शासन प्रशासन की कार्रवाई से बेचने के लिए भू माफिया दबंगों को किसान दिखाकर खड़ा कर रहे थे ताकि प्रशासनिक अधिकारी किसानों का नाम सुनकर कोई कार्रवाई नहीं करें।

सोमवार की दोपहर जब बीडीए के प्रवर्तन दल के कुछ लोग जमीन पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद हथियारों से लैस भूमाफिया खड़े थे। टीम को देख पहले तो उन्हें धमकाया और खौफ बनाने के लिए हवाई फायरिंग तक कर दी। इसकी सूचना टीम ने प्राधिकरण के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ प्राधिकरण के प्रवर्तन दल की टीम व अधिकारी मौके पर पहुंचे तो भूमाफिया वहां से भाग निकले। इसके बाद भू माफिया ने तमाम हथकंडे इस्तेमाल किए। कोई रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने नेताओं से सिफारिश के फोन भी कराने शुरू कर दिए। बाद में अधिकारियों ने अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए।

प्राधिकरण की अर्जित जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले एहसान मोहम्मद, इल्यास मोहम्मद, इरशाद मोहम्मद हैं। प्राधिकरण के मुताबिक इन्होंने जमीन पर फसल उगाकर अवैध कब्जा कर रखा था। प्राधिकरण ने ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए थाना में तहरीर दी है। प्राधिकरण की योजना के लिए अर्जित की जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर रखा था। जमीन की कीमत 75 करोड़ रुपये है। -जोगिंदर सिंह, उपाध्यक्ष बीडीए

संबंधित समाचार