बरेली: जीएसटी पंजीकरण पर नहीं लगेगा शुल्क, घर बैठे करा सकेंगे पंजीकरण
बरेली, अमृत विचार। जिन व्यापारियों ने जीएसटी में पंजीकरण नहीं कराया है। वह घर बैठे नि:शुल्क पंजीकरण कर व्यापारी दुर्घटना बीमा का लाभ ले सकते हैं। पंजीकृत व्यापारियों को सरकार की तरफ से पेंशन योजना का लाभ भी मिलेगा। यह जानकारी शहर में जगह-जगह चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान वाणिज्यकर विभाग के अफसरों …
बरेली, अमृत विचार। जिन व्यापारियों ने जीएसटी में पंजीकरण नहीं कराया है। वह घर बैठे नि:शुल्क पंजीकरण कर व्यापारी दुर्घटना बीमा का लाभ ले सकते हैं। पंजीकृत व्यापारियों को सरकार की तरफ से पेंशन योजना का लाभ भी मिलेगा। यह जानकारी शहर में जगह-जगह चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान वाणिज्यकर विभाग के अफसरों ने व्यापारियों को दीं।
वाणिज्यकर विभाग के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में जीएसटी हेल्प डेस्क खोली गई है। जीएसटी में पंजीकरण के लिए प्रचार-प्रसार कर व्यापारियों को इसके फायदे गिनाए जा रहे हैं। मंगलवार को शहर के राजेंद्र नगर समेत कई जगह पंजीकरण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
डिप्टी कमिश्नर गौरीशंकर ने बताया कि व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से होने वाले फायदे बताकर व्यापारियों को प्रेरित किया जा रहा है। असिस्टेंट कमिश्नर के नेतृत्व में टीमें शिविर में लोगों को जागरूक कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जीएसटी में पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं है। सभी प्रक्रिया ऑनलाइन है। पंजीकृत व्यापारी को 10 लाख रुपये दुर्घटना बीमा का लाभ भी मिलता है। इसके लिए कोई प्रीमियम भी नहीं देना होता।
रिटर्न फाइलिंग ऑनलाइन होने के कारण आसानी होगी। छोटे कारोबारी समाधान योजना अपनाते हुए तीन महीने में रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। शून्य का रिटर्न एसएमएस के माध्यम से दाखिल कर सकते हैं। जीएसटी पंजीकरण जागरूकता अभियान अभी जारी रहेगा।
