सुल्तानपुर, रामपुर और महराजगंज में खुलेंगे एफएम स्टेशन: अनुराग ठाकुर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही आकाशवाणी के तीन और एफएम स्टेशन सुल्तानपुर, रामपुर और महराजगंज में खुलेंगे। ठाकुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दूरदर्शन के भू-उपकेंद्र का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने इटावा, लखीमपुर खीरी के गदनिया और बहराइच …

गोरखपुर। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही आकाशवाणी के तीन और एफएम स्टेशन सुल्तानपुर, रामपुर और महराजगंज में खुलेंगे। ठाकुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दूरदर्शन के भू-उपकेंद्र का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही उन्होंने इटावा, लखीमपुर खीरी के गदनिया और बहराइच के नानपारा में दस-दस किलोवाट के नव-निर्मित आकाशवाणी के तीन एफएम स्टेशन का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में दूरदर्शन के भू-उपकेंद्र के लोकार्पण के साथ ही अब यहां के स्थानीय कार्यक्रम पूरे देश में पहुंचेंगे।

पढ़ें: रामपुर : लेखपाल पर जानलेवा हमले करने वाला आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने घोषणा की कि 11 दिसंबर से दूरदर्शन केंद्र गोरखपुर से भोजपुरी में एक घंटे के विशेष कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से अपनी बात जन-जन तक पहुंचायी है

एफएम के श्रोताओं की संख्या बढ़ रही है: अनुराग ठाकुर

आने वाले दिनों में और बड़ी संख्या में देशभर में एफएम स्टेशन खोले जाएंगे। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्ति दिलायी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ हुई है। देश की सबसे बड़ी जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी का सफल प्रबंधन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दूरदर्शन गोरखपुर के भू-उपकेंद्र के लोकार्पण के साथ ही आज यहां के स्थानीय कलाकारों की दशकों की मांग पूरी हो गयी है।

अब दूरदर्शन केंद्र गोरखपुर अपने कार्यक्रमों के जरिये और ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा। योगी ने आगामी दूरदर्शन गोरखपुर से भोजपुरी में एक घंटे के विशेष कार्यक्रम का प्रसारण शुरू करने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आकाशवाणी के प्रधान महानिदेशक एन. वेणुधर रेड्डी ने कहा कि आकाशवाणी के तीन एफएम स्टेशन के शुरू हो होने से आकाशवाणी को डेढ़ करोड़ और श्रोता मिलेंगे। दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल ने कहा कि भू-उपकेंद्र के लोकार्पण के साथ ही अब गोरखपुर केंद्र लखनऊ और दिल्ली सहित देश भर में फैले नेटवर्क के साथ जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोक संस्कृति के कार्यक्रम पूरे देश में पहुंच सकेंगे। दूरदर्शन केंद्र गोरखपुर में भू-केंद्र के उद्घाटन से स्थानीय कलाकारों में विशेष उत्साह है। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उनके कार्यक्रम अब डीटीएच के माध्यम से देश-विदेश के लोगों तक पहुंच सकेंगे।

संबंधित समाचार