मुरादाबाद : ससुराल में निष्फल होगी प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा
मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में आधी आबादी को लुभाने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया है। मगर इसके साकार होने पर उनकी ससुराल मुरादाबाद में ही संशय है। क्योंकि जिले में आधी आबादी को तवज्जो नहीं है। आगामी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में आधी आबादी को लुभाने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया है। मगर इसके साकार होने पर उनकी ससुराल मुरादाबाद में ही संशय है। क्योंकि जिले में आधी आबादी को तवज्जो नहीं है। आगामी विस चुनाव में टिकट के लिए केवल एक महिला ने दावेदारी की है।
करीब चार दशक से सूबे में सत्ता के स्वाद के लिए तरस रही कांग्रेस की नैया पार लगाने की जिम्मेदारी अब प्रियंका गांधी के कंधे पर है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाने के साथ उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाकर एक तरह से सीएम का चेहरा प्रोजेक्ट कर दिया है।
प्रियंका भाजपा के कुशासन, सपा की पिछली सरकार की खामियां गिनाकर आधी आबादी को लुभाने में प्रमुख जोर दे रही हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए कई प्रतिज्ञा गिनाकर हर वर्ग को लुभाने में लगी हैं। इसमें सबसे अधिक ध्यान उनका महिलाओं, बेटियों पर है। इसलिए लड़की हूं लड़ सकती हूं.. के तीर से विरोधियों को पटखनी देने की उनकी पुरजोर कोशिश है।
आधी आबादी पर डोरे डालने के लिए प्रियंका गांधी ने महिलाओं को विस चुनाव में 40 फीसदी टिकट देने, बालिका उच्च शिक्षा के लिए मुफ्त स्कूटी, स्मार्टफोन देने की प्रतिज्ञा जनसभाओं में भी गिना रही हैं। मगर यह प्रतिज्ञा उनकी ससुराल मुरादाबाद में ही पूरा होती नहीं दिख रही है। क्योंकि विधानसभा चुनाव के लिए छह सीटों से 36 की दावेदारी में सिर्फ एक महिला हैं की सूची खुद पार्टी ने 22 अक्टूबर को जारी किया था।
इसमें बिलारी विधानसभा क्षेत्र से एक मात्र महिला दावेदार कल्पना सिंह हैं। शेष सीटों पर केवल पुरुषों ने टिकट की दावेदारी की है। कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए छह विधानसभा क्षेत्रों से 36 ने दावेदारी की है। इसमें 24
दावेदार मुस्लिम हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए टिकट मांगने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले ही सूची में 36 दावेदार थे। बाद में भी कुछ ने आवेदन किया है। उसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को दी है। महिलाओं की संख्या बढ़ रही है। 40 फीसदी के हिसाब से छह में से दो सीट पर महिला प्रत्याशी देने का पूरा प्रयास रहेगा- असलम खुर्शीद, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी
विस क्षेत्रवार दावेदारों की संख्या
मुरादाबाद नगर 11
मुरादाबाद ग्रामीण 7
कांठ 5
ठाकुरद्वारा 5
कुंदरकी 5
बिलारी 3
