सीतापुर: चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने साथी को छुड़ाने के लिए चलाई गोली, युवक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। तीन घरों में चोरी करने के बाद भाग रहे नकाबपोश बदमाशों ने एक साथी के पकड़े जाने पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में बदमाश को पकड़ने वाले ग्रामीण का बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे संदना से लखनऊ के ट्रामा सेंटर इलाज के लिए ले जाया गया है। बदमाश तीन घरों …

सीतापुर। तीन घरों में चोरी करने के बाद भाग रहे नकाबपोश बदमाशों ने एक साथी के पकड़े जाने पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में बदमाश को पकड़ने वाले ग्रामीण का बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे संदना से लखनऊ के ट्रामा सेंटर इलाज के लिए ले जाया गया है। बदमाश तीन घरों से करीब दो लाख का माल पार कर ले गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर पाकर एएसपी एनपी सिंह, सीओ सुशील कुमार यादव ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस लूट की इस घटना को महज चोरी का प्रयास बता रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

जिले के संदना थाना क्षेत्र के समसापुर गांव में रविवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने गांव के महेश पुत्र बलराम, रामनाथ पुत्र अनिरूद्ध व रामदास के घरों को निशाना बना कर 32 हजार की नकदी, जेवर सहित करीब दो लाख माल चुपके से पार कर लिया। माल पार कर यह बदमाश निकल रहे थे। इसी बीच किसी तरह आहट पाकर जागे गांव के चंद्रपाल ने बक्सा लेकर जा रहे एक नकाबपोश बदमाश को दबोच लिया।

साथी को दबोचा गया देखकर उसके एक अन्य बदमाश ने फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली बदमाश को पकड़ने वाले चंद्रपाल के बेटे मोहन को जा लगी। मोहन भी पिता के ललकारने पर बदमाशों काे पकड़ने दौड़ा था। बदमाशों की गोली से मोहन सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग जाग गए। गांव में दहशत फैल गई। युवक को गोली मारने के बाद बदमाश पार किए गए माल सहित भागने में सफल रहे।

गोली लगने से घायल युवक को पहले इलाज के लिए संदना ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की खबर पाकर एएसपी एनपी सिंह, सीओ सुशील कुमार यादव ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। पुलिस इस घटना को न ही लूट मान रही है और न ही चोरी। पुलिस सिर्फ चोरी के प्रयास की घटना बता रही है। एसओ का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

सीओ बोले, चोरी का प्रयास हुआ

घटना को लेकर सीओ मिश्रिख सुशील कुमार यादव का कहना है कि जिन लोगों के घरों से चोरी या लूट की बात बताई जा रही है। ऐसा नहीं है। चोरी नहीं हुई है। चोरी का प्रयास किया गया है। चोर मोहन के घर से बक्सा उठा रहे थे। तभी घर के लोगों ने जाग कर चोर को पकड़ने की कोशिश की, जिसके चलते चोर ने गोली चलाई। जिससे मोहन जख्मी हुआ। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चोरी करने आए लोग एक शॉल व चप्पल छोड़ गए हैं। उसी के आधार पर करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-कर्नाटक: विद्यार्थियों में कोविड के मामले सामने आने पर मंत्री नागेश ने कहा- जरूरत पड़ने पर बंद करेंगे स्कूल

संबंधित समाचार