मुरादाबाद : सपा नेता का हत्यारोपी आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। सपा नेता पर जानलेवा हमले के आरोप में वह फरार चल रहा था। एसएसपी ने पांच दिसंबर को ही उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। इस मामले का तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। सपा नेता पर जानलेवा हमले के आरोप में वह फरार चल रहा था। एसएसपी ने पांच दिसंबर को ही उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। इस मामले का तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। उस पर भी 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। घायल सपा नेता की चार दिसंबर को मौत के बाद मामले को हत्या में तरमीम कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो तमंचे और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।

घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मझोला थानाक्षेत्र में दो अक्टूबर की रात करीब साढ़े 10 बजे सपा नेता व प्रापर्टी डीलर और ठेकेदार दीपक चौधरी उर्फ मंत्री जी पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर घायल कर दिया गया था। घायल दीपक चौधरी को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने दीपक का महानगर के कई अस्पतालों में उपचार कराया था। हालत गंभीर होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चार दिसंबर की दोपहर करीब दो बजे दीपक ने दम तोड़ दिया था।

घटना वाले दिन ही दीपक की तहरीर पर इस मामले में राहुल प्रताप, सतपाल सैनी और दिनेश ठाकुर को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मझोला पुलिस ने इस मामले में नामजद राहुल प्रताप को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। जबकि सतपाल और दिनेश ठाकुर फरार चल रहे थे। अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए थे। दीपक चौधरी की मौत के बाद मामले को हत्या में तरमीम कर दिया था। इसके बाद फरार चल रहे दिनेश और सतपाल पर एसएसपी ने 20-20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा कर दी थी।

इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि सोमवार को अपराध निरीक्षक हरिशंकर, एसआई संजय कुमार, हेडकांस्टेबल नवनीत कुमार और आरक्षी बोबी कुमार की टीम ने सतपाल सैनी पुत्र मोहर सिंह सैनी निवासी डबल फाटक सीतापुरी दससराय चौकी के सामने थाना कटघर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दीपक चौधरी की हत्या में प्रयुक्त 315 बोर के दो तमंचे और पांच कारतूस भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शातिर सतपाल सैनी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 18 मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं आरोपी के खिलाफ कटघर थाने से गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई है।

संबंधित समाचार